आगरा: एलपीजी सिलेंडर फटने से 4 की मौत
मृतकों की पहचान कमल सिंह (45), गिरिराज सिंह (61), महावीर (40) और ओम प्रकाश (27) के रूप में हुई है
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एक गांव में एलपीजी सिलेंडर फटने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए. यह घटना गैस सिलेंडर से रिसाव की वजह से मध्यरात्रि के आसपास इरादतनगर के डांडकी गांव में हुई. मृतकों की पहचान कमल सिंह (45), गिरिराज सिंह (61), महावीर (40) और ओम प्रकाश (27) के रूप में हुई है.
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि घायलों में तीन की हालत गंभीर है. सभी को आगरा एस.एन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. विस्फोट हिम्मत सिंह के घर पर हुआ था. उनकी बेटी मीरा खाना बना रही थी कि तभी उसे सिलेंडर से गैस के लीक होने का पता चला और देखते ही देखते सिलेंडर के पाइप ने आग पकड़ ली.
मीरा ने चिल्लाना शुरू किया, जिससे लोग उसे बचाने आए लेकिन इससे पहले कि वे कुछ कर पाते तब तक सिलेंडर में विस्फोट हो गया. विस्फोट की वजह से हिम्मत सिंह का दो मंजिला मकान ढह गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2018 10:29 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

