देश

Kerala Firecracker Blast: केरल में पटाखों को गाड़ी से उतारते समय विस्फोट, 1 की मौत, 16 जख्मी

केरल में सोमवार को एक वाहन से उतारते समय पटाखों में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए.

Kerala Firecracker Blast: केरल में पटाखों को गाड़ी से उतारते समय विस्फोट, 1 की मौत, 16 जख्मी
firecrackers

कोच्चि, 12 फरवरी : केरल में सोमवार को एक वाहन से उतारते समय पटाखों में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि त्रिपुनिथुरा पुथियाकावु मंदिर में आतिशबाजी के प्रदर्शन के लिए पटाखे उतारे जा रहे थे, तभी यह घटना हुई. अधिकारियों ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे हुई इस घटना में करीब 50 घर भी क्षतिग्रस्त हो गये.

मृतक की पहचान विष्णु के रूप में की गई है, जो राज्य की राजधानी जिले का रहने वाला था और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि मंदिर के अधिकारी आतिशबाजी के संचालन के लिए पुलिस या अग्निशमन बल से आवश्यक मंजूरी प्राप्त करने में विफल रहे हैं.

नियमों के अनुसार, किसी भी तरह आतिशबाजी के लिए जिला अधिकारियों से अनिवार्य मंजूरी लेनी होती है और ऐसी खबरें हैं कि मंदिर अधिकारियों द्वारा कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी. पुलिस ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में मंदिर के पदाधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि राज्य सरकार घायल व्यक्तियों के चिकित्सा उपचार की निगरानी करेगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 12, 2024 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).