कल का मौसम, 18 अप्रैल 2025: कहीं गर्मी तो कहीं बारिश... पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, पढ़ें वेदर अपडेट
झुलसाने वाली गर्मी का मौसम आ चुका है. अप्रैल का महीना मई-जून जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है और आग उगलता सूरज लोगों का हाल बेहाल कर रही है. लेकिन इस गर्मी के बीच एक राहत की खबर भी है. 18 अप्रैल के बाद लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी ही सही लेकिन राहत मिलने की उम्मीद है.
Kal Ka Mausam, 18 April 2025: झुलसाने वाली गर्मी का मौसम आ चुका है. अप्रैल का महीना मई-जून जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है और आग उगलता सूरज लोगों का हाल बेहाल कर रही है. लेकिन इस गर्मी के बीच एक राहत की खबर भी है. 18 अप्रैल के बाद लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी ही सही लेकिन राहत मिलने की उम्मीद है. 18 अप्रैल का मौसम देशभर में मिला-जुला रहेगा. दिल्ली में हीटवेव की संभावना नहीं है लेकिन गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी. दिल्ली में 20 अप्रैल तक तापमान 40 डिग्री या इसके आसपास रह सकता है. 18 से 20 अप्रैल के बीच उत्तरी पहाड़ियों पर एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने वाला है. इस दौरान ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि के भी आसार हैं. जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज चमक के साथ भारी बारिश होगी. आइये जानते हैं कल 18 अप्रैल को देशभर का मौसम कैसा रहेगा.
दिल्ली में गर्मी करेगी परेशान
दिल्ली वालों को लू से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन चुभती गर्मी अब भी परेशान कर रही है. 18 अप्रैल को राजधानी का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 17 से 20 अप्रैल तक दिल्ली में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा. गर्म हवाएं कम हैं, लेकिन धूप की तीव्रता और उमस लोगों को बेहाल कर रही है.
उत्तराखंड में बारिश
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश ने गर्मी से राहत दी है. देर रात से लेकर सुबह तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला चला. मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गर्जना और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का खतरा
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान ने तबाही मचाई. पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. मौसम विभाग ने 18 और 19 अप्रैल को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. साथ ही, शिमला, चंबा, मंडी, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश की आशंका है.
पंजाब और चंडीगढ़ में तड़के बारिश, दिन में निकली धूप
चंडीगढ़ और पंजाब के कई हिस्सों में गुरुवार तड़के तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. अमृतसर में 4.5 मिमी, गुरदासपुर में 18.8 मिमी और रूपनगर में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई. सुबह होते-होते आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.
राजस्थान में आग उगलता सूरज, तापमान 46 डिग्री पार
राजस्थान के जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे देश में सबसे अधिक रहा. फलौदी, बाड़मेर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे इलाकों में भी पारा 44 डिग्री से ऊपर रहा. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में भीषण गर्मी का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा.
हरियाणा में फिर लौटेगी गर्मी
हरियाणा में 18 अप्रैल से एक बार फिर गर्मी बढ़ने के संकेत हैं. तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ धूलभरी आंधियों की संभावना है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे एनसीआर और दिल्ली सहित हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2025 10:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

