जरुरी जानकारी

पीएम मोदी 14-15 नवंबर को जाएंगे सिंगापुर, यह है पूरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री सबसे पहले सिंगापुर फिनटेक सम्मिट में मुख्य व्याख्यान देंगे. इस दौरान वह आसियान में डिजिटल भुगतान मंच का लोकार्पण करेंगे.

पीएम मोदी 14-15 नवंबर को जाएंगे सिंगापुर, यह है पूरा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी (Photo Credit: IANS)

सिंगापुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को यहां शुरू हुए पहले “इंडिया-सिंगापुर हैकेथॉन 2018” के विजेताओं को बृहस्पतिवार को पुरस्कृत करेंगे. यह हैकेथॉन 40 टीमों की एक प्रतियोगिता है.

सिंगापुर के शिक्षा मंत्री ओंग ये कुंग इस पुरस्कार समारोह में मौजूद रहेंगे. प्रधानमंत्री पूर्वी एशिया से जुड़े क्षेत्रीय शिखर सम्मेलनों के लिए 14-15 नवंबर को सिंगापुर के दौरे पर पहुंचेंगे और आसियान नेताओं के साथ नाश्ते पर बैठक करेंगे. प्रधानमंत्री सबसे पहले सिंगापुर फिनटेक सम्मिट में मुख्य व्याख्यान देंगे. इस दौरान वह आसियान में डिजिटल भुगतान मंच का लोकार्पण करेंगे.

31 मई से दो जून के सिंगापुर के अपने आधिकारिक दौरे के दौरान मोदी ने अपने सिंगापुरी समकक्ष ली सीन लूंग के सामने प्रस्ताव रखा था कि भारत और सिंगापुर को एक संयुक्त हैकेथॉन का आयोजन करना चाहिए। ली ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया था. सिंगापुर ने इस हैकेथॉन के आयोजन का काम नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (एनटीयू) और उसकी नवप्रवर्तन एवं उद्यम शाखा- एनटीयूटिव को सौंपा था. भारत ने इसकी जिम्मेदारी ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) को दी थी.

सिंगापुर में भारतीय उच्चायोग ने सिंगापुर के शिक्षा एवं विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को संभव बनाया. दोनों देशों से 20-20 टीमों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इन टीमों में यूनिवर्सिटी एवं कॉलेज के छात्र शामिल थे जिन्हें देश भर से चुना गया. इन छात्रों ने युवाओं के नवप्रवर्तन क्षमताओं के उपयोग एवं प्रदर्शन के लिए इस हैकेथॉन में हिस्सा लिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2018 10:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).