PM Kisan 23rd Installment Update: पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त कब आएगी? जानें संभावित तारीख और स्टेटस चेक करने का तरीका
पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी की जा चुकी है. अब देश के करोड़ों किसान 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जो जून-जुलाई 2026 के बीच आने की संभावना है.
PM Kisan 23rd Installment Update: भारत सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (PM-KISAN) के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22वीं किस्त के रूप में 18,640 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बाद, अब किसानों की नजरें अगली किस्त यानी 23वीं किस्त पर टिकी हैं. सरकारी सूत्रों और योजना के पिछले रिकॉर्ड के अनुसार, अगली किस्त जून या जुलाई 2026 के दौरान सीधे किसानों के खातों में भेजी जा सकती है.
कब तक आएगी 23वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के नियमों के मुताबिक, सरकार हर चार महीने के अंतराल पर किसानों को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है. साल की पहली किस्त आमतौर पर अप्रैल से जुलाई के बीच जारी होती है. चूंकि 22वीं किस्त मार्च के मध्य में आई थी, इसलिए 23वीं किस्त के लिए जून का आखिरी सप्ताह या जुलाई का पहला पखवाड़ा सबसे संभावित समय माना जा रहा है. हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक किसी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है. यह भी पढ़े: PM Kisan 23rd Installment Date: कब आएगी अगली पेमेंट? इन किसानों को मिल सकते हैं 2,000 रुपये, लिस्ट से कट सकता है इनका नाम
पिछली किस्त का लेखा-जोखा
हाल ही में 13 मार्च 2026 को जारी की गई 22वीं किस्त का लाभ देश के लगभग 9.32 करोड़ पात्र किसानों को मिला था. इस दौरान प्रधानमंत्री ने असम के गुवाहाटी से एक बटन दबाकर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की थी. इस किस्त के साथ ही योजना की शुरुआत से अब तक वितरित की गई कुल राशि 4.27 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है.
इन किसानों के खाते में नहीं आएंगे पैसे
अगली किस्त का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी कर ली है. इसके अलावा, जिन किसानों के भूमि रिकॉर्ड (Land Seeding) अपडेट नहीं हैं या बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उन्हें भी 2,000 रुपये की राशि मिलने में समस्या हो सकती है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सत्यापन प्रक्रिया को और सख्त किया गया है.
अपना स्टेटस कैसे चेक करें?
किसान भाई योजना की आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं:
-
पोर्टल पर 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें.
-
अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें और ओटीपी (OTP) प्राप्त करें.
-
इसके बाद आप देख पाएंगे कि आपकी अगली किस्त का स्टेटस क्या है.
यदि आपकी 22वीं किस्त किसी तकनीकी कारण से रुकी हुई है, तो आप पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 पर कॉल करके सहायता प्राप्त कर सकते हैं ताकि 23वीं किस्त आने से पहले सभी जरूरी सुधार किए जा सकें.