New Rules From July 1, 2026: देश में आज से बदले कई नियम, आधार अपडेट, पासपोर्ट फीस और क्रेडिट कार्ड समेत बैंकिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव लागू; चेक डिटेल्स
New Rules From July 1

New Rules From July 1, 2026: देश में 1 जुलाई 2026 से आम जनता की जेब और रोजमर्रा के वित्तीय कामों से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदल गए हैं. केंद्र सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और अन्य नियामक संस्थाओं द्वारा जारी किए गए ये नए नियम आज से देश भर में प्रभावी हो गए हैं. इन बदलावों का सीधा असर आधार कार्ड धारकों, पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों, क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं और बैंक ग्राहकों पर पड़ेगा. इन बदलावों को समझना हर नागरिक के लिए बेहद जरूरी है.

आधार में ईमेल अपडेट करना हुआ मुफ्त

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने नागरिकों को बड़ी राहत दी है. आज से आधार कार्ड में रजिस्टर्ड ईमेल आईडी को अपडेट कराने की फीस माफ कर दी गई है. पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये का शुल्क लिया जाता था.  यह भी पढ़े:  New Rules From July 1, 2026: एक जुलाई से लागू होंगे कई नए नियम, आधार अपडेट से लेकर पासपोर्ट फीस और बैंकिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव; चेक डिटेल्स

अब आधार मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट करने की यह सुविधा अगले छह महीने यानी 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह से मुफ्त रहेगी. हालांकि, अन्य डेमोग्राफिक अपडेट के लिए तय शुल्क पहले की तरह ही लागू रहेंगे.

विदेश यात्रा होगी महंगी, पासपोर्ट फीस में बढ़ोतरी

विदेश जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए अब पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है. विदेश मंत्रालय ने 1 जुलाई से सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों के लिए पासपोर्ट सेवा शुल्क में वृद्धि कर दी है.

नए नियमों के अनुसार, सामान्य योजना के तहत 36 पन्नों के वयस्क पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है. वहीं, तत्काल योजना के तहत आवेदन करने पर अब 3,500 रुपये की जगह 5,000 रुपये का भुगतान करना होगा.

बैंकिंग मिस-सेलिंग पर RBI  की सख्त कार्रवाई

बैंक ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक नया और सख्त ढांचा लागू किया है. अब यदि कोई बैंक किसी ग्राहक को गलत या भ्रामक जानकारी देकर कोई वित्तीय उत्पाद (जैसे बीमा या निवेश प्लान) बेचता है (मिस-सेलिंग), तो ग्राहक को पूरा रिफंड पाने का अधिकार होगा. इसके साथ ही गलत तौर-तरीकों के कारण ग्राहक को हुए नुकसान के लिए बैंक को उचित मुआवजा भी देना होगा.

क्रेडिट कार्ड के नियमों में बड़ा फेरबदल

एसबीआई कार्ड (SBI Card) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने अपने क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव किए हैं. PhonePe SBI क्रेडिट कार्ड (पर्पल और सेलेक्ट ब्लैक) के रिवॉर्ड पॉइंट प्रोग्राम को संशोधित किया गया है, जिसके तहत कुछ ट्रांजैक्शन पर अब रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलेंगे.

दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक ने घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के नियमों को कड़ा कर दिया है. अब ग्राहकों को एक तिमाही में 3 मुफ्त लाउंज विजिट का लाभ तभी मिलेगा, जब उन्होंने पिछली तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च किए हों.

कमर्शियल एलपीजी और अन्य बदलाव

कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 183.50 रुपये की कटौती की है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 2,930 रुपये हो गई है. हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके अतिरिक्त, आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 नजदीक आ रही है, जिससे पहले करदाताओं को अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी.