Indore Viral Video: इंदौर में भारी बारिश से मैरिज गार्डन में भरा डेढ़ फीट पानी, दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप तक ले गया दूल्हा; मानसून वेडिंग का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के इंदौर में मूसलाधार बारिश के चलते एक मैरिज गार्डन में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया. जलभराव के बीच शादी की रस्में पूरी करने के लिए दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठा लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दुल्हन को उठाकर मंडप ले जाता दूल्हा (Photo Credits: X/@sanjaygupta1304)

इंदौर: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर (Indore) में इन दिनों हो रही मूसलाधार बारिश (Heavy Rainfall) ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं इसी बीच यहां से एक बेहद अनोखी और दिलचस्प शादी का वीडियो सामने आया है. पश्चिमी इंदौर के कैट रोड (Cat Road) स्थित एक मैरिज गार्डन में भारी बारिश के कारण करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया था. इस विपरीत परिस्थिति के बावजूद दूल्हा-दुल्हन (Bride-Groom) ने शादी टालने के बजाय मुस्कुराते हुए रस्में पूरी करने का फैसला किया. मंडप और विवाह स्थल के चारों तरफ पानी भरा होने के कारण, दूल्हा अपनी दुल्हन को गोद में उठाकर फेरों के लिए मंडप तक ले गया. इस अनोखी 'मानसून वेडिंग' (Monsoon Wedding) का वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर जमकर वायरल (Viral Video) हो रहा है. यह भी पढ़ें: Mumbai Monsoon Magic: मुंबई की सड़कों पर उतरा राष्ट्रीय पक्षी; पेडर रोड पर टहलता दिखा मोर, वीडियो हुआ वायरल

घुटनों तक भरे पानी के बीच तैरते दिखे जूते-चप्पल

इंदौर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे जुलाई महीने के कोटे की आधी बारिश शुरुआती हफ्ते में ही दर्ज की जा चुकी है. कैट रोड के इस गार्डन में आयोजित पूर्वा और वैभव की शादी के दौरान अचानक हुई तेज बारिश से पूरा वेन्यू जलमग्न हो गया. हालात यह थे कि तैयार होकर आए मेहमान अपने कीमती कपड़े बचाते हुए टखनों से लेकर घुटनों तक भरे पानी के बीच से भोजन काउंटर तक जाते दिखाई दिए. मंडप के चारों ओर पानी भरा हुआ था, जिसमें कई मेहमानों के जूते और चप्पलें तैरती हुई नजर आईं.

भारी बारिश से इंदौर विवाह स्थल में पानी भर गया, दूल्हे ने मंडप तक पहुंचने के लिए दुल्हन को गोद में उठाया

दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाकर पूरे किए फेरे

जब शादी के मुख्य अनुष्ठान और सात फेरों का समय आया, तो मंडप के आसपास भारी जलभराव के कारण चलना मुश्किल हो गया था. ऐसे में दूल्हे वैभव ने बिना देर किए दुल्हन पूर्वा को अपनी गोद में उठा लिया और फेरों के लिए सुरक्षित मंडप तक पहुंचाया. शादी की रस्में पूरी होने के बाद, विदाई और भोजन के लिए जाते समय भी दूल्हा अपनी दुल्हन को इसी तरह गोद में उठाकर पानी के बीच से आगे बढ़ा. इस दौरान शादी में आए फोटोग्राफर्स और परिवार के सदस्यों ने इस अनोखे पल को अपने कैमरों में कैद कर लिया.

अधिकमास के कारण जुलाई में भी शादियों की धूम

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल 'अधिकमास' के कारण विवाह के शुभ मुहूर्त जुलाई महीने तक खिंच गए हैं, जिसके चलते भारी मानसूनी बारिश के बीच भी लगातार शादियां हो रही हैं. आमतौर पर शादियों के दौरान बारिश होने से घराती और बाराती दोनों ही भारी तनाव में आ जाते हैं, लेकिन तिवारी और गौर परिवार की इस शादी में माहौल बिल्कुल उलट था. मेहमानों और दूल्हा-दुल्हन ने इस चुनौती को भी यादगार पलों में बदल दिया. जहां सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को बेहद रोमांटिक और यादगार बता रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने मानसून के दौरान मैरेज गार्डनों में जल निकासी की बदइंतजामी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता भी जताई है.

Share Now