देश

पाकिस्तान की बेशर्मी! हरकतों से बाज नहीं आ रहा पड़ोसी मुल्क, UN में भारत ने फिर लगाई फटकार

पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर झूठा दावा किया, लेकिन भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथानेनी हरीश ने उसे करारा जवाब दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा, जबकि पाकिस्तान की कट्टर मानसिकता और आतंकवाद को बढ़ावा देने की नीति जगजाहिर है.

पाकिस्तान की बेशर्मी! हरकतों से बाज नहीं आ रहा पड़ोसी मुल्क, UN में भारत ने फिर लगाई फटकार

पाकिस्तान अपनी आदतों से मजबूर है. कश्मीर को लेकर उल्टी-सीधी बयानबाजी करना उसकी फितरत बन चुकी है. बार-बार दुनिया के सामने बेइज्जती के बावजूद, वह अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आता. ताजा मामला अमेरिका में आयोजित इस्लामोफोबिया पर बैठक का है, जहां भारत ने पाकिस्तान की जमकर फटकार लगाई. भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथानेनी हरीश ने पाकिस्तान को उसके झूठे दावों पर घेरते हुए सख्त जवाब दिया.

पाकिस्तान की झूठी बयानबाजी पर भारत का करारा प्रहार

पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर कश्मीर का राग अलापा गया, लेकिन भारत ने उसे करारा जवाब दिया. पार्वथानेनी हरीश ने कहा, "पाकिस्तान के पूर्व विदेश सचिव ने एक बार फिर भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का अनुचित संदर्भ दिया है. बार-बार झूठे दावे करने से न तो पाकिस्तान का झूठ सच हो जाएगा और न ही उसकी आतंकवाद को समर्थन देने की हकीकत बदल जाएगी." उन्होंने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा. पाकिस्तान की झूठी बयानबाजी से सच्चाई नहीं बदल सकती.

कट्टरता की पराकाष्ठा पर पाकिस्तान

भारत ने पाकिस्तान की कट्टर मानसिकता को उजागर करते हुए कहा कि यह देश सिर्फ आतंकवाद और नफरत की खेती करता है. पार्वथानेनी हरीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "पाकिस्तान की कट्टरता और आतंकवाद को बढ़ावा देने का इतिहास किसी से छिपा नहीं है. यह देश नफरत की राजनीति में उलझा हुआ है और अपनी असलियत को छिपाने के लिए बार-बार झूठे दावे करता है."

इस्लामोफोबिया पर पाकिस्तान का दोगलापन उजागर

पाकिस्तान खुद को इस्लामिक देशों का नेता दिखाने की कोशिश करता है, लेकिन सच्चाई यह है कि उसके अपने ही देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होते हैं. पार्वथानेनी हरीश ने इस्लामोफोबिया के खिलाफ लड़ाई में सभी धर्मों के सम्मान की बात करते हुए कहा, "हमें ऐसे भविष्य की दिशा में काम करना चाहिए, जहां हर व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, गरिमा, सुरक्षा और सम्मान के साथ रह सके. लेकिन पाकिस्तान जैसे देश धार्मिक भेदभाव को बढ़ावा देकर कट्टरता को हवा दे रहे हैं."

पूजा स्थलों और अल्पसंख्यकों पर हमले चिंता का विषय

भारत ने पाकिस्तान को उसकी सच्चाई का आईना दिखाते हुए कहा कि वहां धार्मिक अल्पसंख्यकों के पूजा स्थलों को तोड़ा जाता है, उन पर हमले होते हैं, और उनकी सुरक्षा खतरे में रहती है. पार्वथानेनी हरीश ने कहा, "हाल ही में हमने पाकिस्तान में पूजा स्थलों और धार्मिक समुदायों को निशाना बनाकर की गई हिंसा में बढ़ोतरी देखी है. यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय होना चाहिए." उन्होंने कहा कि आतंकवाद और कट्टरता को बढ़ावा देना ही पाकिस्तान की असली नीति है.

पाकिस्तान को चेतावनी: झूठे दावे बंद करे

भारत ने पाकिस्तान को साफ संदेश दिया कि उसकी झूठी बयानबाजी से कश्मीर पर उसकी दावेदारी साबित नहीं हो सकती. जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा. पाकिस्तान चाहे जितनी भी चालें चले, दुनिया अब उसकी असलियत पहचान चुकी है. अब समय आ गया है कि पाकिस्तान अपने गिरेबान में झांके और अपनी नापाक हरकतों से बाज आए.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2025 08:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).