देश

Weather Update Today: पहाड़ों पर बर्फबारी, शीतलहर और कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, अभी और बढ़ेगी ठंड

मैदानी इलाकों में जहां ठंड का प्रकोप बना हुआ है. वहीं, पहाड़ों पर भी मौसम बदलने लगा है और कई राज्‍यों में बर्फबारी भी होने लगी है. भारी बर्फबारी के कारण जम्मू कश्मीर के कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है.

Weather Update Today: पहाड़ों पर बर्फबारी, शीतलहर और कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, अभी और बढ़ेगी ठंड
(Photo Credits: Twitter)

Weather Update Today: उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. यूपी शीतलहर की चपेट में हैं. वहीं, पहाड़ों पर भी बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है. हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, उत्तराखंड समेत पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते  मैदानी इलाकों का तापमान अभी और नीचे गिरेगा. आज से उत्तर पश्चिमी भारत के राज्यों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. Delhi Air Pollution: दिल्ली सरकार का फैसला, वायु गुणवत्ता को बिगड़ने से रोकने के लिए निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया

दिल्ली में आज का मौसम

देश की राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. बीते तीन दिन राजधानी में धूप खिलने के बाद आज एक बार फिर यहां लोगों को ठंड का सामना करना होगा. एक बार फिर बर्फीली हवाएं राजधानी तक आने लगेंगी.

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से यूपी में ठंडी हवाएं चल रही हैं. पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है. राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ में तापमान गिर सकता है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार में घना कोहरा होने के आसार हैं.

कश्मीर में आज का तापमान

मौसम विभाग की मानें तो कश्मीर में एक-दो दिन में तापमान माइनस 6 डिग्री तक जा सकता है. पूरा कश्मीर इस वक्त बर्फ की सफेद चादर ओढ़े हुए है. पिछले 24 घंटे में श्रीनगर समेत कई जिलों में बारिश और बर्फबारी हुई है. बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है. पर्यटन स्थलों पर सफेद चादर बिछने से सैलानियों की आमद बढ़ी है. पिछले 24 घंटे में मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनामर्ग पर्यटन स्थल में 20 इंच बर्फ गिरी है.

हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्कि बारिश के साथ बर्फभारी की चेतावनी जारी की गई है. उत्तराखंड के देहरादून और मसूरी में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में काफी गिरावट आई है. वहीं हिमाचल के पहाड़ नववर्ष से पहले बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं. प्रदेश के 6 जिलों में ताजा बर्फबारी हुई है. न्यू ईयर से पहले बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं. राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने की एडवाइजरी जारी की है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2022 09:31 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).