IIT Bombay Student Death: हॉस्टल में छात्र का शव बरामद; पुलिस जांच में पारिवारिक और व्यक्तिगत तनाव की बात आई सामने
आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टल में 20 वर्षीय द्वितीय वर्ष के छात्र सोहिल राजकुमार सांगवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस छात्र के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रही है.
मुंबई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (Indian Institute of Technology) (IIT) बॉम्बे के पवई स्थित कैंपस में मंगलवार देर रात (28-29 जुलाई की मध्यरात्रि) एक 20 वर्षीय छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया. पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध आत्महत्या (Suicide) का बताया जा रहा है. फिलहाल मौके से कोई संदिग्ध परिस्थिति या साजिश के सबूत नहीं मिले हैं.
मृतक छात्र की पहचान सोहिल राजकुमार सांगवान के रूप में हुई है, जो मैटेरियल साइंस विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल नंबर 4 में रहता था। पवई पुलिस स्टेशन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 194 के तहत एडीआर (Accidental Death Report) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह भी पढ़ें: Maharashtra: NEET परीक्षा में कम अंक आने पर छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार को सुसाइड नोट में लिखा- 'आपके त्याग के बाद भी मैं असफल रही'
परिजनों द्वारा संपर्क न होने पर सामने आई घटना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्र का अपने परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था. बार-बार कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने संस्थान प्रशासन से संपर्क किया. इसके बाद हॉस्टल सुरक्षा प्रभारी और छात्रों ने कमरे में जाकर देखा तो छात्र का शव पंखे से लटका मिला.
सूचना मिलते ही पवई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मोबाइल चैट और डायरी में व्यक्तिगत तनाव के संकेत
जांच अधिकारियों ने छात्र के मोबाइल फोन और कमरे की तलाशी ली. शुरुआती पड़ताल में छात्र के व्हाट्सएप चैट से पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं और व्यक्तिगत संबंधों में तनाव से गुजर रहा था. इसके अलावा कमरे से कुछ हस्तलिखित नोट भी मिले हैं.
पुलिस छात्र के मोबाइल फोन, लैपटॉप और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) का विस्तृत फोरेंसिक विश्लेषण कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
संस्थान ने जताया दुख, पुलिस जांच जारी
आईआईटी बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने छात्रों और फैकल्टी को ईमेल भेजकर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने बताया कि संस्थान में छात्रों के मानसिक कल्याण के लिए सहायता प्रणाली को मजबूत किया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह की गड़बड़ी या साजिश (Foul play) का अंदेशा नहीं है. परिजनों के मुंबई पहुंचने के बाद आगे के बयान दर्ज किए जाएंगे.
मानसिक स्वास्थ्य सहायता और हेल्पलाइन नंबर:
यदि आप या आपका कोई परिचित किसी भी प्रकार के तनाव या मानसिक संकट से गुजर रहा है, तो सहायता के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:
टेली-मानस (स्वास्थ्य मंत्रालय): 14416 या 1800 891 4416
निमहंस (NIMHANS): 080-46110007
वंद्रेवाला फाउंडेशन: 9999 666 555
iCALL: 022-25521111 / 9152987821