Pink Saheli Smart Card: पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए ऑनलाइन अप्लाई कैसे करें? दिल्ली की महिलाओं के लिए स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
दिल्ली सरकार और दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने 1 अगस्त 2026 से बसों में मुफ्त यात्रा के लिए 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' दिखाना और टैप करना अनिवार्य कर दिया है. पुराने कागजी पिंक टिकट अब मान्य नहीं होंगे. नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड मॉडल पर आधारित यह कार्ड बस सफर के साथ-साथ मेट्रो, नमो भारत ट्रेन और डेबिट कार्ड की तरह खरीदारी में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.
Pink Saheli Smart Card: दिल्ली की सरकारी डीटीसी और क्लस्टर (DIMTS) बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ उठाने वाली महिला यात्रियों के लिए नियम बदलने जा रहे हैं. 1 अगस्त 2026 से बसों में मुफ्त सफर के लिए पारंपरिक कागजी पिंक टिकट बंद कर दिए जाएंगे और उनकी जगह 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (Pink Saheli Smart Card) का इस्तेमाल अनिवार्य होगा.
दिल्ली परिवहन निगम (Delhi Transport Corporation) (DTC) के अनुसार, 1 अगस्त से केवल उन्हीं महिला यात्रियों को मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी जिनके पास यह वैध स्मार्ट कार्ड होगा और वे बस में चढ़ते समय इसे इलेक्ट्रॉनिक मशीन पर टैप करेंगी. जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह निर्धारित किराया देकर टिकट खरीदना होगा.
सिर्फ बस सफर ही नहीं, डेबिट कार्ड की तरह भी करेगा काम
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, इस कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) फ्रेमवर्क के तहत विकसित किया गया है. इसका उपयोग केवल मुफ्त बस यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक बहुउद्देशीय कार्ड के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा:
- मल्टी-मॉडल ट्रांजिट: इस कार्ड का उपयोग दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) और 'नमो भारत' (Namo Bharat) क्षेत्रीय रैपिड रेल नेटवर्क में भी यात्रा के लिए किया जा सकता है.
- डेबिट कार्ड की सुविधा: बैलेंस रीचार्ज कराने के बाद महिलाएं इस कार्ड का इस्तेमाल शॉपिंग मॉल्स, दुकानों और रिटेल आउटलेट्स पर डेबिट कार्ड की तरह भुगतान करने के लिए कर सकती हैं.
दो प्रकार के उपलब्ध होंगे 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'
डीटीसी की ओर से महिला यात्रियों की सुविधा के लिए यह कार्ड दो मुख्य वेरिएंट्स में जारी किए जा रहे हैं:
- जीरो-केवाईसी कार्ड (Zero-KYC Card): यह प्राथमिक रूप से केवल बस यात्रा के लिए है. इसे आधार कार्ड और मोबाइल ओटीपी (OTP) सत्यापन के माध्यम से तुरंत जारी किया जाता है.
- फुल-केवाईसी कार्ड (Full-KYC Card): यह कार्ड पूर्ण बैंकिंग सुविधाओं से लैस होता है और इसे डेबिट कार्ड की तरह उपयोग किया जा सकता है.
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड DTC और क्लस्टर बसों में मान्य होगा
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें? (Step-by-Step Guide)
फुल-केवाईसी 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवाने के लिए पात्र महिलाएं घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं:
- चरण १: डीटीसी के अधिकृत बैंक के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाएं या नामित पंजीयन केंद्रों से संपर्क करें.
- चरण २: आवेदन फॉर्म में अपना विवरण दर्ज करें और दिल्ली के पते वाला वैध आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार की फोटो और आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी अपलोड करें. आवश्यकता पड़ने पर पैन कार्ड (PAN Card) का विवरण मांगा जा सकता है.
- चरण ३: पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी (OTP) से सत्यापन करें या बैंक प्रक्रिया के तहत वीडियो केवाईसी (Video KYC) पूरा करें.
- चरण ४: सत्यापन और स्वीकृत होने के बाद स्मार्ट कार्ड सीधे डाक द्वारा आपके पंजीकृत पते पर भेज दिया जाएगा.
डिजिटल व्यवस्था से आएगी पारदर्शिता
कागजी टिकटों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर डिजिटल स्मार्ट कार्ड व्यवस्था को लागू करने का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में पारदर्शिता लाना, यात्रियों के सत्यापन को आसान बनाना और फर्जीवाड़े को रोकना है. डीटीसी बसों और डिपो में विशेष जागरूक अभियान चलाया जा रहा है ताकि 1 अगस्त की समयसीमा से पहले सभी महिला यात्री अपना 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवा सकें.