Cyclone Mocha: चक्रवात ‘मोका’ के कारण अंडमान में भारी बारिश होने का अनुमान
चक्रवाती तूफान पर करीब से नजर रख रहे आईएमडी ने कहा कि इसके रविवार को बांग्लादेश में कॉक्स बाजार और म्यांमा में क्यॉकप्यू के बीच दस्तक देने का अनुमान है.
पोर्ट ब्लेयर/भुवनेश्वर, 10 मई: बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पोर्ट ब्लेयर के पास एक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है और संभवत: बुधवार शाम तक यह पूर्ण विकसित चक्रवात का रूप ले लेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. चक्रवाती तूफान पर करीब से नजर रख रहे आईएमडी ने कहा कि इसके रविवार को बांग्लादेश में कॉक्स बाजार और म्यांमा में क्यॉकप्यू के बीच दस्तक देने का अनुमान है.
आईएमडी ने कहा, “12 मई को, यह मध्य बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा.” क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता में निदेशक (मौसम), जी.के. दास ने एक बयान में कहा, ‘‘गहरे दबाव का क्षेत्र कुछ समय के लिए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है और फिर उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते हुए शाम में इसी क्षेत्र में धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.’’
बयान के अनुसार, ‘‘यह गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा. बाद में, धीरे-धीरे 11 मई को यह प्रचंड चक्रवाती तूफान में और 12 मई को दक्षिण पूर्व एवं उससे लगे मध्य बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों में अति प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा.’’
इसके बाद इसके धीरे-धीरे 13 मई तक कमजोर होने की संभावना है. इस बीच, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह प्रशासन ने बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बनने के मद्देनजर चेतावनी और सार्वजनिक परामर्श जारी किये हैं.
अंडमान निकोबार के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को 13 मई तक समुद्री क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है. यात्रियों और जलपोतों की सुरक्षा के मद्देनजर पोर्ट ब्लेयर में जहाजरानी सेवा निदेशालय ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि मौसम के हालात को देखते हुए पोर्ट ब्लेयर में हार्बर-फेरी सेवाओं को संक्षिप्त नोटिस पर निलंबित किया जा सकता है.
अधिसूचना के अनुसार, ‘‘इसलिए, यात्रियों, दैनिक मुसाफिरों और पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए ऐहतियात के साथ अपनी यात्रा की योजना बनाएं.’’ चक्रवाती तूफान ‘मोका’ के कारण अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में 12 मई तक भारी बारिश हो सकती है.
आपातकालीन परिचालन केंद्र अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए 24 घंटे कार्य कर रहा है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2023 07:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

