देश

Mahakumbh 2025: 'सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन', पीएम मोदी ने महाकुंभ की दी बधाई

महाकुंभ का आरंभ हो चुका है. पौष पूर्णिमा के अवसर पर लाखों की संख्या में लोग डुबकी लगा चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

Mahakumbh 2025: 'सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन', पीएम मोदी ने महाकुंभ की दी बधाई
Photo- X/@Uppolice

नई दिल्ली, 13 जनवरी : महाकुंभ का आरंभ हो चुका है. पौष पूर्णिमा के अवसर पर लाखों की संख्या में लोग डुबकी लगा चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पौष पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के साथ ही आज से प्रयागराज की पुण्यभूमि पर महाकुंभ का शुभारंभ हो गया है. हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़े इस दिव्य अवसर पर मैं सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन करता हूं. भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का यह विराट उत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही कामना है."

उन्होंने एक्स पोस्ट पर आगे लिखा, "मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि प्रयागराज अनगिनत लोगों से भरा हुआ है, जो वहां आ रहे हैं, पवित्र स्नान कर रहे हैं और आशीर्वाद मांग रहे हैं. सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को शानदार प्रवास की शुभकामनाएं." यह भी पढ़ें : Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर में पार्टी में नयी जान फूंकने के लिए कांग्रेस जन संपर्क अभियान शुरू करेगी

उन्होंने आगे लिखा, "भारतीय मूल्यों और संस्कृति को महत्व देने वाले करोड़ों लोगों के लिए एक बहुत ही खास दिन! आस्था, भक्ति और संस्कृति के पवित्र संगम में अनगिनत लोगों को एक साथ लाते हुए महाकुंभ 2025 प्रयागराज में शुरू हुआ. महाकुंभ भारत की शाश्वत आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और आस्था और सद्भाव का जश्न मनाता है."

इस पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त श्रद्धालुओं, संतों, महात्माओं, कल्पवासियों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए महाकुंभ के प्रथम स्नान की शुभकामनाएं दीं. अपने संदेश में सीएम योगी ने कहा, "आइए, महाकुंभ 2025 में सहभागी बनकर सनातन संस्कृति की इस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनें. मां गंगा की कृपा से आपका जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो."

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक है. यह आयोजन ‘अनेकता में एकता’ की भावना को सजीव करता है. मां गंगा की पवित्र धारा में स्नान और साधना करने आए सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों.

पौष पूर्णिमा पर आज पहला स्नान है. इस अवसर पर आज लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान कर रहे हैं. आज से ही श्रद्धालु पैंतालीस दिन का कल्पवास शुरू करेंगे. संगम तट पर आध्यात्मिक उल्लास और धार्मिक आस्था का अद्वितीय नजारा देखने को मिल रहा है. देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के लिए महाकुंभ जीवन का अद्वितीय अनुभव बन रहा है.

संगम पर प्रवेश के सभी रास्तों में भक्तों की भीड़ जुटी है. महाकुंभ में वाहनों के प्रवेश पर भी पाबंदी है. सुरक्षा में हजारों की संख्या में जवान तैनात हैं. पुलिस स्पीकर के माध्यम से लाखों की भीड़ को मैनेज कर रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2025 09:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).