दिल्ली: पत्नी की हत्या के बाद स्पेशल सेल से फरार हवलदार ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
दिल्ली के लोधी कालोनी इलाके में पत्नी की हत्या के बाद फरार हुए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के आरोपी हवलदार ने खुद भी आत्महत्या कर ली. रेणू की हत्या के बाद आरोपी हवलदार और रेणू का पति बताया जा रहा मनोज मौके से फरार हो गया था.
नई दिल्ली, 6 मई: दिल्ली के लोधी कालोनी इलाके में मंगलवार सुबह पत्नी की हत्या के बाद फरार हुए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के आरोपी हवलदार ने खुद भी आत्महत्या कर ली. मरने वाले सिपाही का नाम मनोज है. मनोज दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के लोधी कालोनी दफ्तर में तैनात था. देर रात दक्षिणी दिल्ली जिले के डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर (Atul Kumar Thakur) ने घटना की पुष्टि की. डीसीपी के मुताबिक, आरोपी और फरार चल रहे हवलदार ने खुद को मेरठ जिले के थाना दौराला क्षेत्र में स्थित जमालपुर गांव में गोली मार ली.
उल्लेखनीय है कि मनोज की पत्नी रेणू का शव मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे लोधी कालोनी थाना क्षेत्र में एक कार में लावारिस हाल में पड़ा मिला था. कार मनोज के किसी दोस्त की बताई जा रही है. रेणू दिल्ली पुलिस में ही सिपाही थी. इन दिनों वो बादली स्थित क्वारंटाइन सेंटर पर तैनात थी.
यह भी पढ़ें: आपसी कहासुनी के बाद बीएसएफ के हवलदार ने उपनिरीक्षक की हत्या कर, आत्महत्या की
रेणू की हत्या के बाद आरोपी हवलदार और रेणू का पति बताया जा रहा मनोज मौके से फरार हो गया था. पूरे दिन पुलिस उसकी तलाश करती रही, मगर वो हाथ नहीं लगा. देर रात दिल्ली पुलिस को पता चला कि, मनोज ने यूपी के मेरठ में गोली मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 09:59 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

