देश

Gujarat: गुजरात में गणेश विसर्जन के दौरान 10 लोग डूबे, पांच का शव बरामद, बचाव कार्य जारी

गुजरात के दहेगाम में एक नदी में गणेश विसर्जन के दौरान 10 लोग डूब गए. बचाव दल ने पांच लोगों के शव बरामद कर लिया है और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

Gujarat: गुजरात में गणेश विसर्जन के दौरान 10 लोग डूबे, पांच का शव बरामद, बचाव कार्य जारी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

गांधीनगर, 14 सितंबर : गुजरात के दहेगाम में एक नदी में गणेश विसर्जन के दौरान 10 लोग डूब गए. बचाव दल ने पांच लोगों के शव बरामद कर लिया है और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दहेगाम के वासना सिगथी गांव में हुई, जहां एक समूह मूर्ति विसर्जन के लिए इकट्ठा हुआ था. उन्होंने बताया कि विसर्जन समारोह के दौरान मेसवो नदी के चेक डैम में पानी के बहाव में दस लोग बह गए.

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय प्रशासन, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों को तुरंत सूचित किया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया. उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की चेतावनी और विसर्जन के लिए सुरक्षित क्षेत्र की स्थापना के बावजूद, कुछ उत्साही युवक चेक डैम में घुस गए. तेज बहाव के कारण वह डूब गए, जिसके चलते यह त्रासदी हुई. यह भी पढ़ें : देश की खबरें | राजस्थान में ससुरालवालों को नशीली पदार्थ खिलाकर दुल्हन फरार

स्थानीय विधायक बलराज सिंह चौहान ने कहा कि अधिकारियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी थी और समारोह के लिए सुरक्षित क्षेत्र बनाया था. लेक‍िन, कुछ लोगों ने चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ. आस-पास के ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने पीड़ितों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हुए. अधिकारी ने कहा कि बचाव दल शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं, और अभियान अभी भी जारी है. इससे दो दिन पहले पाटन जिले में भी इसी तरह की दुर्घटना हुई थी, जहां गणेश विसर्जन के दौरान चार लोग डूब गए थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 14, 2024 08:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).