देश

Ganesh Chaturthi 2026: मुंबई में गणेशोत्सव की धूम, डेढ़ दिन के गणपति विसर्जन पर पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा, CCTV कैमरों से निगरानी

मुंबई में गणेशोत्सव के दूसरे दिन डेढ़ दिन के गणपति का विसर्जन शुरू हो गया है. शांतिपूर्ण उत्सव, कानून व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए मुंबई पुलिस ने करीब 17,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात कर शहर भर में कड़ा सुरक्षा घेरा तैयार किया है.

Ganesh Chaturthi 2026: मुंबई में गणेशोत्सव की धूम, डेढ़ दिन के गणपति विसर्जन पर पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा, CCTV कैमरों से निगरानी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Photo)

Ganesh Chaturthi 2026:  मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव का पर्व अपार भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर स्थापित किए गए घरेलू गणपति का आज यानी 15 सितंबर को डेढ़ दिन के विसर्जन के तहत विभिन्न तटीय स्थलों और कृत्रिम तालाबों में विसर्जन किया जा रहा है. विसर्जन जुलूसों और पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं.

शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है. संवेदनशील इलाकों और मुख्य विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.  यह भी पढ़े:   Lalbaugcha Raja Live Darshan: लालबागचा राजा के आज दूसरे दिन, घर बैठे ऐसे करें बप्पा के दर्शन; पाएं आशीर्वाद

17 हजार से अधिक जवानों का सुरक्षा घेरा

मुंबई पुलिस प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 17,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को मैदान में उतारा गया है. इस सुरक्षा तंत्र का नेतृत्व उच्च स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है.

सुरक्षा बेड़े में 7 एडिशनल पुलिस कमिश्नर, 37 डिप्टी कमिश्नर (DCP) और 52 असिस्टेंट कमिश्नर (ACP) शामिल हैं. इनके साथ करीब 2,650 पुलिस अधिकारी और 14,150 से अधिक सिपाही शहर के विभिन्न चौराहों, पंडालों और तटीय इलाकों में ड्यूटी पर तैनात हैं. इसके अतिरिक्त स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (SRPF), क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), दंगा नियंत्रण दस्ते और होमगार्ड के जवानों को भी संवेदनशील स्थलों पर तैनात किया गया है.

टेक्नोलॉजी से निगरानी और ड्रोन पर पाबंदी

सुरक्षा को और अधिक दुरुस्त करने के लिए मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम से शहर भर में लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले विसर्जन मार्गों पर नजर रखी जा रही है.

सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने अनाधिकृत ड्रोन और उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया है. नियम का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

प्रमुख चौपाटियों और कृत्रिम तालाबों पर विशेष इंतजाम

डेढ़ दिन के विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी, जुहू बीच, दादर चौपाटी, माहिम और वर्सोवा जैसे प्रमुख तटीय क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. समुद्र तटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तटीय पुलिस, लाइफगार्ड्स और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात रखा गया है.

वहीं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बीएमसी द्वारा विभिन्न वार्डों में कृत्रिम तालाबों (Artificial Ponds) का निर्माण किया गया है, जहां श्रद्धालु आसानी से अपनी प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं. ट्रैफिक पुलिस ने कई मुख्य सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू कर यातायात को नियंत्रित किया है.

पुलिस प्रशासन की नागरिकों से अपील

मुंबई पुलिस ने सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच के दौरान तैनात कर्मियों का सहयोग करें. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान की सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 100 या 112 पर दें.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2026 08:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).