Free Aadhaar Email Update: अब घर बैठे आधार में जोड़ें या अपडेट करें ईमेल आईडी, जानें पूरा स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
आधार कार्ड (Photo Credits: File Image)

Free Aadhaar Email Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार धारकों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए अब लोग आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप की मदद से घर बैठे अपनी ईमेल आईडी आधार में जोड़ या अपडेट कर सकते हैं. इस सुविधा की शुरुआत 1 जुलाई 2026 से की गई है. इसके लिए अब आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी. खास बात यह है कि यह सेवा 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध रहेगी.

सरकार के Digital India अभियान के तहत शुरू की गई इस सुविधा का लोगों ने तेजी से इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, लॉन्च होने के पहले दो दिनों में ही ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी ईमेल आईडी अपडेट कर ली.

आधार में ईमेल लिंक करना क्यों है जरूरी?

आधार से ईमेल आईडी लिंक होने पर यूजर्स को आधार ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जानकारी ईमेल के जरिए भी मिलती है. इससे आधार के इस्तेमाल पर नजर रखना आसान हो जाता है और सुरक्षा भी बढ़ती है. किसी भी ऑथेंटिकेशन रिक्वेस्ट की जानकारी तुरंत मिलने से फर्जी इस्तेमाल की आशंका भी कम होती है.

Aadhaar App से ईमेल आईडी अपडेट करने का तरीका

अगर आप भी आधार में अपनी ईमेल आईडी जोड़ना या अपडेट करना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें.

सबसे पहले Google Play Store या Apple App Store से आधिकारिक Aadhaar App का लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड या अपडेट करें.

ऐप खोलें और अपनी पसंदीदा भाषा चुनें.

पहचान सत्यापन (Identity Verification) पूरा करें और 6 अंकों के सुरक्षित PIN से लॉगिन करें.

प्रोफाइल या Services Dashboard में जाएं.

Update Email विकल्प पर टैप करें.

अपनी नई ईमेल आईडी दर्ज करें.

ईमेल पर भेजे गए OTP या Verification Link के जरिए ईमेल को सत्यापित करें.

सभी जानकारी जांचने के बाद अनुरोध सबमिट कर दें.

भविष्य में स्टेटस ट्रैक करने के लिए Update Request Number (URN) या Service Request Number (SRN) सुरक्षित रखें.

31 दिसंबर 2026 तक मिलेगी मुफ्त सुविधा

UIDAI ने स्पष्ट किया है कि आधार में ईमेल जोड़ने या अपडेट करने की यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक निशुल्क उपलब्ध रहेगी. इसके बाद इस सेवा पर शुल्क लागू किया जा सकता है. इसलिए जिन लोगों ने अभी तक आधार में ईमेल आईडी लिंक नहीं कराई है, वे इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

किसी समस्या पर यहां करें संपर्क

अगर ईमेल अपडेट करने के दौरान किसी तरह की परेशानी आती है तो आधार हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा यूजर्स आधिकारिक UIDAI प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं.