ओडिशा में नकली शराब पीने से पांच लोगों की मौत, 28 अन्य बीमार
ओडिशा के भद्रक जिले में ‘‘चुनाव खत्म होने के बाद की दावत’’ में कथित तौर पर नकली शराब पीने से मंगलवार को कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य बीमार पड़ गए.
ओडिशा के भद्रक जिले में ‘‘चुनाव खत्म होने के बाद की दावत’’ में कथित तौर पर नकली शराब पीने से मंगलवार को कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य बीमार पड़ गए. यह घटना राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए मतदान खत्म होने के बाद सोमवार देर रात की है. स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पीड़ितों ने राज्य में सोमवार को मतदान से पहले राजनीतिक दलों द्वारा दिए पैसों से शराब खरीदी थी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.
उप मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) उमाकांत मोहराना ने कहा, ‘‘ हमें पता चला है कि जिले के तिहिड़ी पुलिस थानाक्षेत्र में दौलतपुर गांव के लोगों ने चुनाव के बाद दावत के लिए एक स्थानीय बाजार से शराब खरीदी थी.जिला प्रशासन ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं.’’आबकारी सचिव निकुंज बिहारी धाल ने कहा कि राजस्व, स्वास्थ्य, आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त जांच की जा रही है।उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मतदान खत्म होने के बाद यह घटना हुई तो हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं.’’एसडीपीओ ने बताया कि तीन लोगों की भद्रक में एक अस्पताल में मौत हो गई जबकि अन्य की कटक जाने के रास्ते में मौत हो गइ्र. यह भी पढ़े: यूपी-उत्तराखंड में 109 लोगों की मौत, जानिए कैसे सांप- छिपकली और आयोडेक्स से बनती है जहरीली शराब
तिहिड़ी पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभांशु मिश्रा ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई.आबकारी आयुक्त उपेंद्र एस पुनिया घटना के बाद मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और उसने टेस्ट के लिए नमूने लिए हैं. उन्होंने बताया कि भद्रक में बीमार पड़ने के बाद करीब 40 लोगों को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और अभी 28 लोगों का उपचार चल रहा है.
अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी पी के खुंटिया के अनुसार ग्रामीणों ने सोमवार रात शराब पीने के तुरंत बाद पेट दर्द और कुछ नजर ना आने की शिकायत की. इसके तुरंत बाद उन्हें भद्रक जिला मुखयालय अस्पताल ले जाया गया.एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने मौतों की वजह पता लगाने और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं.पुनिया ने बताया कि एकत्रित नमूनों की जांच और मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ हो पाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2019 07:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

