Prashant Kishor On Vande Mataram Row: 'बयान देने के बजाय केस दर्ज कराइए', वंदे मातरम् विवाद पर प्रशांत किशोर का बीजेपी को जवाब
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने वंदे मातरम् विवाद पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि अगर कानून का उल्लंघन हुआ है तो बयानबाजी छोड़कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
Prashant Kishor On Vande Mataram Row: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने वंदे मातरम् विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक घमासान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं से वास्तव में कोई गलती हुई है तो सरकार को बयान जारी करने के बजाय कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए. पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि इस तरह के विवादों का समाधान राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि कानून के तहत होना चाहिए. Prashant Kishor In Bihar: प्रशांत किशोर ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- हर परिवार के एक पढ़े-लिखे युवा को दिलाएंगे रोजगार
'बीजेपी और कांग्रेस दोनों सक्षम हैं'
प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है, जबकि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है. ऐसे में दोनों दल अपने-अपने आरोपों और जवाबों को संभालने में सक्षम हैं. उन्होंने कहा, "बीजेपी ने आरोप लगाया है और कांग्रेस उसका जवाब देने में सक्षम है. इसमें हमें क्या कहना है?"
‘दोनों ही जवाब देने में सक्षम हैं’:
'वीडियो में पूरा वंदे मातरम् गाया गया'
वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जो फुटेज सामने आया है, उसमें 'वंदे मातरम्' पूरा गाया गया दिखाई देता है. उन्होंने कहा, "वीडियो में हमने देखा कि वंदे मातरम् पूरा गाया गया. अब बीच में किसने रोका या नहीं रोका, यह सरकार पता लगाए."
'अगर गलती हुई है तो केस दर्ज कीजिए'
प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि सरकार को लगता है कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय गीत का अपमान किया है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, "अगर कांग्रेस के लोगों ने सचमुच गलती की है तो सरकार ने कानून बनाया है कि ऐसे मामलों में केस दर्ज होगा. इसलिए बयान देने के बजाय बीजेपी को सोनिया गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराना चाहिए."
क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान 'वंदे मातरम्' के गायन में बाधा डाली गई. इस कार्यक्रम में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी भी मौजूद थीं. हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत पूरा गाया गया था और बीजेपी इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति कर रही है.