UP Madarsa Board Result 2026 OUT: यूपी मदरसा बोर्ड मुंशी, मौलवी और आलिम के नतीजे घोषित, madarsaboard.upsdc.gov.in पर ऐसे करें परिणाम चेक
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की मुंशी, मौलवी और आलिम परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं. इस साल कुल 88.26% छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं, जिसमें लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले काफी बेहतर प्रदर्शन किया है.
UP Madarsa Board Result 2026 OUT: उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं. इस वर्ष कुल सफलता प्रतिशत 88.26% दर्ज किया गया है. परीक्षा में शामिल हुए कुल 80,933 पंजीकृत छात्रों में से 55,788 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं. इस साल के परिणामों में एक बार फिर छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में काफी बेहतर रहा है.
लड़कियों ने मारी बाजी
इस बार के परीक्षा परिणामों में लड़कियों ने शानदार सफलता हासिल की है. बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाली लड़कियों का कुल पास प्रतिशत 94.30% रहा, जिसमें कुल 29,229 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं. इसके मुकाबले लड़कों का पास प्रतिशत 85.13% दर्ज किया गया, जिसमें 26,559 छात्र सफल रहे.
मुंशी/मौलवी परीक्षा के आंकड़े
मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) परीक्षा के लिए कुल 62,232 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 47,036 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए. इनमें से कुल 41,426 छात्रों ने सफलता प्राप्त की, जिससे इस श्रेणी का पास प्रतिशत 88.07% रहा. इस वर्ग में भी लड़कियों का पास प्रतिशत 91.46% (21,407 छात्राएं) रहा, जबकि लड़कों का सफलता प्रतिशत 84.72% (20,019 छात्र) दर्ज किया गया.
आलिम परीक्षा का प्रदर्शन
आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में इस साल कुल 18,701 पंजीकृत छात्रों में से 16,175 परीक्षा में शामिल हुए. इस श्रेणी में कुल 14,362 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिससे यहां का कुल पास प्रतिशत 88.79% रहा. इसमें भी लड़कियों ने बढ़त बनाए रखी और 90.88% (7,822 छात्राएं) की दर से सफलता हासिल की, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 86.42% (6,540 छात्र) रहा.
सीसीटीवी की निगरानी में हुई थीं परीक्षाएं
मदरसा शिक्षा बोर्ड के अनुसार, परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. राज्य के सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की गई थीं, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग बोर्ड मुख्यालय से की जा रही थी. सरकार का कहना है कि यह व्यवस्था मदरसा शिक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
ऐसे चेक करें अपना परिणाम
परीक्षा में शामिल हुए छात्र उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट madarsaboard.upsdc.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं. इसके लिए छात्रों को वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए 'रिजल्ट' लिंक पर क्लिक करना होगा और अपनी संबंधित श्रेणी चुनकर रोल नंबर दर्ज करना होगा.