Maha Kumbh 2025: प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं को रीवा में रोका, सीएम मोहन यादव बोले - प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें.
भोपाल, 29 जनवरी : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें.
मौनी अमावस्या के दिन बुधवार को देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं. इनमें से बहुत से श्रद्धालु मध्य प्रदेश से होकर भी गुजर रहे हैं. रीवा जिले का चाकघाट उत्तर प्रदेश से जुड़ता है. यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं का जमावड़ा है. यह भी पढ़ें : मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में भगदड़, मोदी ने परिजनों को खोने वाले श्रद्धालुओं के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बढ़ती भीड़ का जिक्र करते हुए कहा, "मौनी अमावस्या के महापर्व पर तीर्थराज प्रयागराज में देश-विदेश से पधारे करोड़ों श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंच रहे हैं. स्नान पर्व को देखते हुए रीवा जिले अंतर्गत मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीमा पर श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रयागराज में भीड़ अधिक होने के कारण आज रीवा जिले के चाकघाट थाना अंतर्गत सीमा पर हजारों श्रद्धालुओं के वाहन सीमा पर रुके हुए हैं."
उन्होंने कहा है कि चाकघाट पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, जो वहां सभी श्रद्धालुओं के खाने-पीने से लेकर ठहरने की समुचित व्यवस्था का ध्यान रख रहे हैं. साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए डॉक्टरों की टीम भी मौके पर है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं संयम बनाए रखें. ज्ञात हो कि प्रयागराज में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात मची भगदड़ में कई लोग घायल हुए हैं. महाकुंभ में मौनी अमावस्या के मौके पर पुण्य अर्जित करने के लिए लाखों लोग प्रयागराज जा रहे हैं. विभिन्न यात्री गाड़ियों में भारी भीड़ है. विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए रेल प्रशासन ने सुरक्षा बलों की भी तैनाती की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2025 02:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

