Deoghar ATM Theft: झारखंड के देवघर में चोरों का दुस्साहस, ATM का शटर तोड़ कार से बांधकर पूरी मशीन उखाड़ ले गए; VIDEO वायरल

झारखंड के देवघर में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए कार से बांधकर पूरा एसबीआई एटीएम उखाड़ लिया और फरार हो गए. इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Deoghar ATM Theft: झारखंड के देवघर जिले में बेखौफ अपराधियों ने चोरी की एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ इलाके में तड़के 4-5 की संख्या में आए नकाबपोश बदमाशों ने एसबीआई (SBI) के एक एटीएम को अपना निशाना बनाया. चोरों ने सबसे पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा और फिर कार में मजबूत रस्सी बांधकर पूरी एटीएम मशीन को ही उखाड़ लिया. इसके बाद वे मशीन को सड़क पर घसीटते हुए कार में लादकर फरार हो गए.

इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तेजी से वायरल हो रहा है.    यह भी पढ़े:   मुंबई से सटे वसई में ATM की बड़ी गड़बड़ी, 100 रुपए की जगह निकलने लगे ₹500 के नोट; VIDEO वायरल होते ही पैसे निकालने उमड़ी लोगों की भारी भीड़

फिल्मी अंदाज में दिया वारदात को अंजाम

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि शातिर अपराधियों का यह गिरोह एक कार से पहुंचा था. बदमाशों ने पहले शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और फिर कार को रिवर्स कर एटीएम के ठीक सामने खड़ा किया. इसके बाद उन्होंने एक मजबूत बेल्ट वाली रस्सी से एटीएम मशीन को बांधा और गाड़ी के झटके से मशीन को जमीन से उखाड़ दिया.

मशीन उखड़ने के बाद बदमाशों ने उसे सड़क पर कुछ दूर तक घसीटा और फिर कार में लोड कर मौके से गायब हो गए. वारदात के दौरान सड़क से कुछ गाड़ियां भी गुजरीं, लेकिन बदमाशों ने बेफिक्र होकर अपना काम जारी रखा.

जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सुबह जब एक स्थानीय नागरिक पैसे निकालने पहुंचा, तब जाकर टूटी हुई शटर और खाली पड़े एटीएम बूथ को देखकर घटना का खुलासा हुआ. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस और एसबीआई के कंट्रोल रूम को सूचित किया गया.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और डीएसपी मौके पर पहुंचे. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया है. फिलहाल पुलिस शहर के सभी निकास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और गाड़ी के नंबर के आधार पर चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है.

बैंक कर रहा नकदी का आकलन

बैंक प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि वारदात के वक्त एटीएम मशीन में कुल कितनी नकदी मौजूद थी. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि इस घटना के पीछे किसी अंतरराज्यीय पेशेवर गिरोह का हाथ हो सकता है, जो सुनसान इलाकों के एटीएम को निशाना बनाते हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Share Now