देश

दिल्ली में आंधी-बारिश से मौसम ने ली करवट, तापमान में भारी गिरावट; जानें अगले हफ्ते तक कैसा रहेगा हाल

दिल्ली में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई. मौसम विभाग ने आज के लिए हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है, साथ ही अगले सप्ताह तेज धूप और गर्मी की संभावना भी जताई है.

दिल्ली में आंधी-बारिश से मौसम ने ली करवट, तापमान में भारी गिरावट; जानें अगले हफ्ते तक कैसा रहेगा हाल

Delhi Weather Update: दिल्ली में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने न सिर्फ गर्मी से राहत दी, बल्कि तापमान को भी करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया. कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

धूल भरी आंधी और बारिश ने ली दस्तक

शुक्रवार शाम 6:15 बजे से 7 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में 37 से 84 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं. सबसे तेज हवा दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उजवा केवीके क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां इसकी रफ्तार 84 किमी/घंटा रही. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और प्रगति मैदान में भी क्रमशः 74 और 70 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलीं.

आज भी हो सकती है हल्की बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 20 से 40 किमी/घंटा तक रह सकती है.

बारिश का क्षेत्रवार आंकड़ा

नरेला: 5 मिमी

पालम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: 2.5 मिमी

पेड़ गिरने और जलभराव से उत्पन्न हुए हालात

तेज आंधी और बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. नगर निगम के नियंत्रण कक्ष में इन समस्याओं को लेकर कई शिकायतें दर्ज हुईं. शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, शाहदरा उत्तर, शाहदरा दक्षिण, रोहिणी समेत सात स्थानों पर पेड़ गिरने की पुष्टि हुई है.

आने वाले सात दिन: कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

दिन मौसम का हाल तापमान (°C) हवाओं की गति
शनिवार हल्की बारिश, आंशिक बादल 35 / 20 20-40 किमी/घंटा
रविवार बादल छाए रहेंगे 36 / 21 26 किमी/घंटा
सोमवार हल्के बादल 38 / 23 सामान्य
मंगलवार तापमान में बढ़ोतरी की शुरुआत 40 / 24 सामान्य
बुधवार तेज धूप, गर्मी में इजाफा 42 / 25 गर्म हवाएं
गुरुवार लू चलने की संभावना 45 / 27 तेज लू
शुक्रवार भीषण गर्मी 46 / 28 गर्म हवाएं

शुक्रवार की तेज आंधी और बारिश ने जहां गर्मी से थोड़ी राहत दी, वहीं आने वाले दिनों में तापमान में फिर से उछाल आने वाला है. नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे पानी का अधिक सेवन करें, बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2025 08:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).