देश

Today Weather Update: आज का मौसम! दिल्ली-UP में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी, तपती गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 19 अप्रैल को आंधी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल और उत्तराखंड में भी तेज हवाएं, बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. दिल्ली में आज तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है.

Today Weather Update: आज का मौसम! दिल्ली-UP में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी, तपती गर्मी से मिलेगी राहत

देश के उत्तरी इलाकों में लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में जहां एक ओर पारा तेजी से चढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार, 19 अप्रैल 2025 के लिए आंधी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा पारा

दिल्ली में तापमान दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री तक रहने का अनुमान है. बादल छाए रहने की संभावना है और कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी और बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री के बीच रह सकता है. 21 से 23 अप्रैल के बीच मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही.

यूपी और बिहार में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 18 से 20 अप्रैल के बीच तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी दी है. 45 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम तेजी से बदल सकता है.

बिहार के प्रमुख शहरों जैसे भागलपुर, गया और पटना में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हल्की बारिश और हवा से यहां भी लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. शिमला, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा और देहरादून में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. जम्मू-कश्मीर में भी जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

एक तरफ जहां गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं दूसरी ओर आने वाले दिनों में मौसम की करवट थोड़ी राहत भी दे सकती है. लेकिन आंधी और तेज हवाओं को हल्के में न लें और सतर्क रहें.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2025 08:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).