Delhi SIR: दिल्ली में 30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण, BLO करेंगे घर-घर जाकर वेरिफिकेशन

दिल्ली में वोटर लिस्ट को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. 30 जून से बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और 7 अक्टूबर को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा.

Delhi SIR

Delhi SIR: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) अभियान की तारीखों का एलान हो गया है. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन (Verification) की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी. इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य एक त्रुटिहीन वोटर लिस्ट तैयार करना है, जिसके अंतिम रूप का प्रकाशन इसी साल 7 अक्टूबर को किया जाएगा.

20 जून से शुरू होगी शुरुआती तैयारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए आंतरिक तैयारियां 20 जून से ही शुरू हो जाएंगी. इसके तहत 20 जून से 29 जून के बीच बूथ लेवल अफसरों (BLO) को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसी समयावधि में घर-घर सर्वे के दौरान इस्तेमाल होने वाले एनुमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) और अन्य जरूरी दस्तावेजों की छपाई का काम भी पूरा किया जाएगा.  यह भी पढ़े:  SIR: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चुनाव आयोग के ‘विशेष गहन संशोधन’ को बताया संवैधानिक, कहा- ‘वोटर लिस्ट से नाम हटने का मतलब नागरिकता छिनना नहीं’

बीएलओ करेंगे घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन

दिल्ली में लगभग 13 हजार बूथ लेवल ऑफिसर 30 जून से 29 जुलाई के बीच घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे. इस प्रक्रिया के तहत हर मतदाता को दो एनुमरेशन फॉर्म दिए जाएंगे. मतदाताओं को इसमें अपनी सही जानकारी भरकर एक प्रति बीएलओ को वापस सौंपनी होगी. खास बात यह है कि इस फॉर्म के साथ मतदाताओं को किसी भी प्रकार के अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी. इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन फॉर्म भरने का विकल्प भी दिया जाएगा.

पुरानी सूचियों से मिलाया जाएगा रिकॉर्ड

मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट का रिकॉर्ड अपलोड किया गया है. जो लोग 2002 से पहले से दिल्ली में रह रहे हैं, वे इसके जरिए अपने नाम का मिलान कर सकते हैं. वहीं, जो मतदाता 2002 के बाद दूसरे राज्यों से दिल्ली में आकर बसे हैं, वे भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी को ट्रैक और अपडेट कर सकेंगे.

क्या है अभियान का शेड्यूल?

निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी प्रक्रिया इस प्रकार चलेगी:

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली का कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो पाए.

Share Now