Delhi Schools Bomb Threat: दिल्ली के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद संस्थानों के परिसर कराए गए खाली

दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल को ट्रैक करने में जुट गई है. दिल्ली-एनसीआर में पहले भी स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को ऐसे फर्जी (होक्स) ईमेल मिलते रहे हैं.

Delhi Schools (Photo Credits: IANS)

Delhi Schools Bomb Threat:  राजधानी दिल्ली के कई प्रमुख स्कूलों को मंगलवार, 15 सितंबर की सुबह धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए. इन ईमेलों में न केवल स्कूलों, बल्कि दिल्ली की प्रमुख अदालतों और पुलिस स्टेशनों पर भी हमलों की चेतावनी दी गई थी. धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रभावित स्कूलों को एहतियातन खाली कराकर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

एयरफोर्स बाल भारती और द ब्रिटिश स्कूल समेत कई संस्थान प्रभावित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 10:17 से 10:45 बजे के बीच एयरफोर्स बाल भारती स्कूल, द ब्रिटिश स्कूल, कार्मेल कॉन्वेंट, संस्कृति स्कूल और सरदार पटेल विद्यालय सहित कई प्रमुख स्कूलों को यह धमकी भरे ईमेल मिले.   यह भी पढ़े:  Delhi Schools Bomb Threats: दहशत! दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

धमकी के समय कुछ स्कूलों में छमाही परीक्षाएं चल रही थीं. सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों को तुरंत परिसर से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया और अभिभावकों को इसकी सूचना भेजी.

पंजाबी भाषा में भेजे गए ईमेल

सूत्रों के मुताबिक, भेजे गए ईमेलों में से कुछ का मजमून आंशिक रूप से पंजाबी भाषा में लिखा गया था. ईमेल में दिल्ली के तीस हजारी, करकड़डूमा और पटियाला हाउस कोर्ट के साथ-साथ पुलिस चौकियों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया. इसके अलावा, संदेश में आम नागरिकों को 29 सितंबर तक मेट्रो या ट्रेनों में सफर न करने की चेतावनी दी गई. हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक इन दावों में कोई सच्चाई नहीं पाई गई है.

सुरक्षा टीमों ने चलाया बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन टीमों के साथ प्रभावित परिसरों की घेराबंदी की. क्लासरूम, कॉरिडोर, प्रशासनिक भवनों और खुले इलाकों की बारकी से जांच की गई. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात रहीं.

साइबर सेल में जांच जारी

दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल को ट्रैक करने में जुट गई है. दिल्ली-एनसीआर में पहले भी स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को ऐसे फर्जी (होक्स) ईमेल मिलते रहे हैं.

अधिकारियों ने आम जनता और अभिभावकों से संयम बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि वाली किसी भी अफवाह को साझा न करने की अपील की है.

Share Now