Delhi Building Collapse: 'भूकंप जैसा धमाका हुआ और पलभर में गिर गई इमारत', चश्मदीदों ने सुनाई हादसे की दर्दनाक दास्तान; VIDEOS
चश्मदीदों ने दावा किया कि हादसे के तुरंत बाद मलबे के नीचे से बच्चों की चीख-पुकार और "हमे बचाओ, बचाओ" की आवाजें आ रही थीं. स्थानीय लोगों की मदद से शुरुआती स्तर पर कुछ बच्चों को सांस लेते हुए बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया.
Delhi Building Collapse: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक इमारत के अचानक ढह जाने से हड़कंप मच गया. हादसे के बाद इलाके में धुएं और धूल का गुबार छा गया. स्थानीय दुकानदारों और चश्मदीदों के अनुसार, बेसमेंट के निर्माण और कमजोर पिलरों के कारण यह हादसा हुआ. मौके पर पहुंची राहत टीमों ने मलबे से लोगों को निकालने का काम तेजी से शुरू कर दिया है. यह भी पढ़े: Delhi Building Collapse Video: दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका; राहत-बचाव अभियान जारी
"ऐसा लगा जैसे तीव्र भूकंप आया हो"
पास ही दुकान चलाने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "हम अपनी दुकान के अंदर बैठे थे कि अचानक एक बहुत तेज गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी, जो बिल्कुल किसी तेज भूकंप के झटके जैसी थी. जब हम भागकर बाहर आए, तो चारों तरफ धूल का गुबार छाया हुआ था और पूरी इमारत भरभराकर गिर चुकी थी."
चश्मदीद
चश्मदीदों ने दावा किया कि हादसे के तुरंत बाद मलबे के नीचे से बच्चों की चीख-पुकार और "हमे बचाओ, बचाओ" की आवाजें आ रही थीं. स्थानीय लोगों की मदद से शुरुआती स्तर पर कुछ बच्चों को सांस लेते हुए बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया.
चश्मदीद की जुबानी
बेसमेंट निर्माण और कमजोर पिलर बने हादसे की वजह
इलाके के निवासियों का कहना है कि इमारत में मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम चल रहा था. ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और किराए के लिए कमरे निकालने के उद्देश्य से नीचे बेसमेंट की खुदाई की जा रही थी. ऊपरी ढांचे को मजबूती दी गई थी, लेकिन सबसे निचले हिस्से के पिलर काफी कमजोर हो गए थे.
काम के दौरान नीचे मजदूर खुदाई और निर्माण कार्य में लगे हुए थे, जो इमारत गिरते ही मलबे के नीचे दब गए. पास में ही बॉयज और गर्ल्स पीजी होने के कारण आसपास हमेशा छात्रों की चहल-पहल रहती है, जिससे हादसे के समय बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.
राहत और बचाव कार्य जारी
दिल्ली अग्निशमन विभाग (DFS), पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं. मलबे से अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और इस बात की जांच की जा रही है कि क्या बेसमेंट निर्माण के लिए आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं या नहीं.