Delhi Rape: दिल्ली के कालकाजी में शर्मसार वारदात, खुद को पुलिस बताकर 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक रेप

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया था. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

सांकेतिक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

 Delhi Rape:  दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास स्थित प्रसिद्ध आस्था कुंज पार्क में एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, तीन अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके पुरुष मित्र को डराया-धमकाया और फिर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया था. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.  यह भी पढ़े:   Mumbai: महिला पर 3 पुजारियों ने किया दुष्कर्म, हत्या कर शव को जंगल में फेंका, मुंबई के शिलफाटा की घटना

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर झांसे में लिया

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता और उसका दोस्त सोमवार शाम करीब 7 बजे कालकाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद पास के आस्था कुंज पार्क में गए थे. पार्क में बैठे होने के दौरान करीब 7.30 बजे तीन व्यक्ति उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया.

आरोपियों ने दोनों को डराकर अलग कर दिया. इसके बाद वे किशोरी को पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले गए, जहां हथियार और चाकू के बल पर तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त के साथ भी मारपीट की.

पीसीआर कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के तुरंत बाद पुलिस को रात करीब 8.45 बजे पीसीआर के जरिए सूचना मिली. सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाना प्रभारी (SHO) पुलिस बल के साथ तुरंत आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां पीड़िता और उसका दोस्त मौजूद थे.

पुलिस ने किशोरी को तुरंत एम्स (AIIMS) में मेडिकल जांच के लिए भिजवाया. वहीं क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) के विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए.

बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने अमर कॉलोनी थाने में केस दर्ज कर लिया है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं—सामूहिक दुष्कर्म (धारा 70(2)), आपराधिक साजिश, चोट पहुंचाना व धमकी देना—तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं 6 और 17 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी आसिफ की अमर कॉलोनी के डीएम ऑफिस रोड के पास मौजूदगी का सुराग मिला. पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी.

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाकी दो फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है

Share Now