Delhi-NCR Monsoon Update: IMD की भविष्यवाणी, मुंबई के बाद अब दिल्ली-एनसीआर की बारी; 27 जून तक मानसून दे सकता है दस्तक

मुंबई में दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 27 जून के आसपास मानसून दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

(Photo Credits: File Image)

Delhi-NCR Monsoon Update: मुंबई को सराबोर करने के बाद अब दक्षिण-पश्चिम मानसून देश की राजधानी दिल्ली की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अपने सामान्य समय यानी 27 जून के आसपास दिल्ली-एनसीआर में प्रवेश कर सकता है. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे उत्तर भारत के करोड़ों लोगों के लिए यह खबर एक बड़ी राहत लेकर आई है.

बिहार और मुंबई में मानसून हुआ मजबूत

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून इस समय देश के कई हिस्सों में पूरी तरह सक्रिय है. जून के मध्य में बिहार में प्रवेश करने के बाद यह राज्य के अधिकांश हिस्सों में फैल चुका है. इसके अलावा, हाल ही में मानसून ने देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में भी धमाकेदार दस्तक दी है. मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रात भर हुई भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने वहां ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया था. मुंबई के बाद अब मानसून के उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

क्या मानसून के आगमन में होगी देरी?

हालांकि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन जून की शुरुआत में इसकी रफ्तार करीब दो हफ्ते के लिए धीमी पड़ गई थी. इस ठहराव को देखते हुए कुछ मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली में मानसून अपनी तय तारीख से थोड़ा पिछड़ सकता है और यह जुलाई के पहले सप्ताह (5 से 8 जुलाई के बीच) तक पहुंच सकता है. बहरहाल, आईएमडी (IMD) ने अभी तक दिल्ली में मानसून के आगमन की आधिकारिक तारीख में कोई बदलाव नहीं किया है. दिल्ली में बारिश की टाइमिंग इस बात पर निर्भर करेगी कि आने वाले दिनों में हवाएं कितनी तेजी से आगे बढ़ती हैं.

आंधी-तूफान ने दी प्री-मानसून की आहट

मानसून के मुख्य आगमन से पहले दिल्ली-एनसीआर के मौसम में मंगलवार को अचानक बड़ा बदलाव देखा गया. दोपहर के समय दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के इलाकों में अचानक तेज धूल भरी आंधी चली. हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि मौसम विभाग को तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी करना पड़ा था. इस दौरान कई जगहों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले दिनों हुई अत्यधिक गर्मी के कारण वायुमंडल में भारी ऊर्जा जमा हो गई थी, जिसके चलते यह अचानक आंधी-तूफान में बदल गई. इस प्री-मानसून गतिविधि ने तापमान में गिरावट दर्ज की है, जिससे दिल्लीवासियों को फिलहाल तेज धूप से थोड़ी राहत मिली है.

Share Now