Delhi Building Collapse Video: दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका; राहत-बचाव अभियान जारी
फिलहाल प्रशासन ने इमारत गिरने के कारणों की पुष्टि नहीं की है. साथ ही, हादसे के समय इमारत में कितने लोग मौजूद थे, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Delhi Building Collapse News: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के सत्य निकेतन इलाके में शनिवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों के अनुसार, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है. Mumbai Wall Collapse: मुंबई में भारी बारिश के बीच हादसा, रिहायशी इमारत से सटी रिटेनिंग वॉल ढही, हादसे का VIDEO आया सामने
दोपहर 1:30 बजे मिली हादसे की सूचना
दिल्ली फायर सर्विस को शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन के शिव मंदिर के पास एक इमारत गिरने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों के साथ विशेष रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए विशेष उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रहा है.
सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरी:
पुलिस ने इलाके को किया सील
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, जबकि रेस्क्यू टीम हर संभव प्रयास कर रही है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
घनी आबादी वाला इलाका है सत्य निकेतन
सत्य निकेतन दक्षिण-पश्चिम दिल्ली का घनी आबादी वाला इलाका है. यहां बड़ी संख्या में पीजी (PG) और किराए के मकानों में रहने वाले छात्र रहते हैं, क्योंकि यह दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित है. इलाके की संकरी गलियों और घनी बस्ती के कारण शुरुआती दौर में राहत एवं बचाव वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि, फिलहाल बचाव अभियान पूरी क्षमता के साथ जारी है.
हादसे की वजह का नहीं चला पता
फिलहाल प्रशासन ने इमारत गिरने के कारणों की पुष्टि नहीं की है. साथ ही, हादसे के समय इमारत में कितने लोग मौजूद थे, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.