देश

Covid Protocol: कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रहे राहुल गांधी- अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करने के बाद कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रहे हैं.

Covid Protocol: कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रहे राहुल गांधी- अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर (Photo: ANI)

नई दिल्ली, 24 दिसम्बर : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करने के बाद कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रहे हैं. उनके लिए देश हित और देश की लोगों की सुरक्षा की बजाय एक परिवार का हित और भ्रष्ट लोगों को जोड़ना ज्यादा जरूरी है. अनुराग ठाकुर ने पूछा कि जिन नेता के गले में वो हाथ डालकर चल रहे थे, जिनका हाथ पकड़ कर चल रहे थे, वो राज्य के मुख्यमंत्री ( हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ) कोविड पॉजिटिव पाए गए तो क्या उसके बाद राहुल गांधी ने अपनी जांच करवाई और क्या यात्रा में साथ चल रहे कांग्रेस के अन्य नेताओं ने अपनी जांच करवाई ?

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से परिवार का हित छोड़ कर देश के हित के बारे में सोचने की अपील करते हुए कहा कि चीन, कोरिया और जापान में लाखों कोरोना केस सामने आ रहे हैं, अस्पतालों के बाहर लंबी कतारें लगी है और वहां शवों के ढेर लगे हैं. लेकिन संकट के इस काल में भी कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है. उन्होंने कहा कि किसी के भी चुनाव लड़ने से कोई गुरेज नहीं है, लेकिन देश की जनता की जान को जोखिम में डालकर राजनीति नहीं होनी चाहिए. यह कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करने का समय है और वे उम्मीद करते हैं कि राहुल गांधी इसे निभाएंगे. यह भी पढ़ें : COVID-19: कोरोना का खौफ! मोदी सरकार चीन, जापान, बैंकॉक समेत इन देशों से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR करेगी अनिवार्य

राहुल गांधी द्वारा भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर किए गए हमले पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को यह याद रखना चाहिए कि भारत का बंटवारा कांग्रेस की नीति के कारण ही हुआ था और आज भी उनकी इस यात्रा में टुकड़े-टुकड़े गैंग और उनके समर्थक ही चल रहे हैं. ठाकुर ने सवाल पूछा कि जो देश का नामों निशान मिटाने की बात सोचते हैं वो भारत जोड़ने की बात कैसे कर सकते हैं ? जिनकी यात्रा में नफरत का बीज बोने वाले लोग चल रहे हो वो मोहब्बत की दुकान खोलने की बात कैसे कर सकते हैं ?

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2022 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).