देश

COVID-19: आज से 18+ को लगेगी कोरोना वैक्सीन, जानिए किन राज्यों में लगेगा टीका और कहां नहीं

कोरोना संकट के बीच शनिवार से भारत में कोरोना वैक्सीनेशन ड्राइव के तीसरे चरण की शुरूआत हो गई है. इस टीकाकरण अभियान के तहत देश में 18 साल से लेकर 44 साल के सभी नागरिकों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा.

COVID-19: आज से 18+ को लगेगी कोरोना वैक्सीन, जानिए किन राज्यों में लगेगा टीका और कहां नहीं
कोरोना वैक्सीनेशन (Photo Credits: Twitter)

नई दिल्ली: भारत में कोरोना (COVID-19) का कहर अपने पीक पर है. कोरोना संकट के बीच शनिवार से भारत में कोरोना वैक्सीनेशन (COVID-19 Vaccination) ड्राइव के तीसरे चरण की शुरूआत हो गई है. इस टीकाकरण अभियान के तहत देश में 18 साल से लेकर 44 साल के सभी नागरिकों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा. 28 अप्रैल को इस अभियान के तहत कोरोना टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ था. लेकिन कई राज्य सरकारों ने वैक्सीन की कमी का हवाला देकर 18 से 44 साल के लोगों को वैक्सीन लगाने से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि वैक्सीन की आपूर्ति होने पर अभियान शुरू किया जाएगा. Delhi: राजधानी में 1 मई से 18+ लोगों को नहीं लगेगी वैक्सीन, सीएम केजरीवाल बोले- टीकाकरण केंद्रों के बाहर लाइन न लगाएं.

इस बीच कुछ राज्यों ने कुछ जिलों में टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू करने अनुमति दी भी है. यहां जानिए कि देश के किन राज्यों में आज से 18 साल से ऊपर के लोगों को टीका लगेगा और कहां नहीं लग पाएगा.

इन राज्यों में वैक्सीनेशन शुरू होने में लगेगा समय 

दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, केरल, पुडुचेरी गोवा ने कहा है कि उनके यहां वैक्सीन की कमी के कारण 1 मई से तीसरे चरण का टीकाकरण नहीं शुरु हो पाएगा. उनके पास वैक्सीन की पर्याप्त डोज नहीं है, इसलिए वे आज से वैक्सीनेशन कार्यक्रम नहीं शुरू कर पाएंगे.

इन राज्यों में आशिंक रूप से शुरू होगा वैक्सीनेशन

गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने शुक्रवार को कहा कि एक मई को गुजरात के स्थापना दिवस पर राज्य सरकार राज्य के 10 जिलों में जहां कोविड के अधिक मामले हैं वहां 18 प्लस के लोगों को मुफ्त में टीके प्रदान करेगी. वहीं उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पहले दिन 7 जनपदों में वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा, जहां 9000 से ज्यादा एक्टिव मामलें हैं. इन जिलों में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर शहर, गोरखपुर, मेरठ और बरेली हैं.

राजस्थान में भी आंशिक रूप से वैक्सीनेशन की शुरुआत की जा रही है. अभियान की शुरुआत राज्य के 11 जिला मुख्यालयों से की जाएगी जो कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित है. उनमें जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, सीकर, अलवर, धौलपुर, भीलवाड़ा और पाली शामिल हैं.

ओडिशा

ओडिशा सरकार ने शुक्रवार रात को कहा कि वह केवल भुवनेश्वर में 18-44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए कोविड-19 टीकाकरण का तीसरा चरण एक मई से सांकेतिक तौर पर शुरू करेगी, क्योंकि यह पूरे राज्य में सप्ताहांत बंद का पहला दिन है.

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार 1 मई से 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु वर्ग में सबसे पहले अंत्योदय राशनकॉर्डधारी परिवारों के पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण करने का फैसला किया है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2021 10:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).