Mamata Banerjee Car Attack: ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना में अपनी कार पर हमले का लगाया आरोप, कहा- पुलिस के सामने फेंके गए बड़े पत्थर (Videos)
घटना के दौरान भीड़ की ओर से "चोर भगाओ" के नारे भी लगाए गए. वहीं पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि बीजेपी का इस मामले से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा, "यह जनता और टीएमसी के बीच का मामला है. पुलिस को आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए."
Mamata Banerjee Car Attack: तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर 24 परगना में उनकी कार पर असामाजिक तत्वों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके. ममता बनर्जी का दावा है कि यह हमला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ और अगर उनकी कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उनकी जान भी जा सकती थी. यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी के काफिले का हलीशहर में विरोध, 'चोर' के नारे लगे, पथराव के भी आरोप; TMC और स्थानीय लोगों के दावों में टकराव
ममता बनर्जी उत्तर 24 परगना में एक दिवंगत टीएमसी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने जा रही थीं. इस दौरान उनकी कार पर कथित तौर पर हमला हुआ. घटना के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी पर इतना जोरदार हमला किया गया कि अगर कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उनके सिर पर गंभीर चोट लग सकती थी.
'हम सभी मारे जा सकते थे'
ममता बनर्जी ने कहा, "मेरी कार पर पुलिस के सामने असामाजिक तत्वों ने बड़े-बड़े पत्थर फेंके. हमला इतना गंभीर था कि अगर कार की खिड़कियां खुली होतीं तो मेरा सिर फट सकता था. हम सभी मारे जा सकते थे."
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी. ममता ने आरोप लगाया कि पुलिस घटना को रोकने में नाकाम रही और बीजेपी को संरक्षण दे रही है.
बीजेपी पर लगाए आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "यह सब पुलिस के सामने हुआ. मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा. आखिर यह सब क्या हो रहा है? पुलिस बीजेपी को सुरक्षा दे रही है." ममता बनर्जी के साथ इस दौरान लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी और राज्यसभा सांसद डोला सेन भी मौजूद थे.
ममता बनर्जी की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए:
ममता बनर्जी ने कार पर हमले का आरोप लगाया:
'चोर भगाओ' के लगे नारे
घटना के दौरान भीड़ की ओर से "चोर भगाओ" के नारे भी लगाए गए. वहीं पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि बीजेपी का इस मामले से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा, "यह जनता और टीएमसी के बीच का मामला है. पुलिस को आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए."