देश

चेकिंग के लिए रोका तो नदी में कूद गया युवक, तलाश जारी

बता दें कि तमिलनाडु के अडयार में शनिवार की रात पुलिस वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी. तभी बाइक पर सवार दो युवक आए. गाड़ी चलाने वाला युवक नशे में धुत लग रहा था.

चेकिंग के लिए रोका तो नदी में कूद गया युवक, तलाश जारी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI/File)

चेन्नई: सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अक्सर नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाती है. इस दौरान पुलिस को कई बार बड़ी कामियाबी भी मिलती है. ताजा मामले में चेकिंग के दौरान जो हुआ उसे जानकर आप दंग रह जायेंगे। जानकारी के अनुसार चेन्नई के अडयार इलाके में नशे में धुत बाइक सवार एक युवक को जब पुलिस ने पूछताछ के लिए रोका तो वह भागकर नदी में कूद गया. पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है कि वह जिन्दा है या नहीं.

बता दें कि तमिलनाडु के अडयार में शनिवार की रात पुलिस वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी. तभी बाइक पर सवार दो युवक आए. गाड़ी चलाने वाला युवक नशे में धुत लग रहा था. पुलिस ने उससे ड्राइविंग लाइसेंस मांगा. पुलिस की पूछताछ से घबराकर वह बाइक छोड़कर अडयार नदी की ओर भाग निकला और नदी में छलांग लगा दी.

पुलिस की जांच के अनुसार युवक का नाम राधाकृष्ण है और वह अडयार से ही कॉमर्स ग्रेजुएट है. उसके साथ बाइक पर सवार दूसरे युवक का नाम सुरेश है.

दोनों युवक शहर के मंडेवली की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोका और राधाकृष्णन से ब्रेथ एनालाइजर में फूंक मारने को कहा. इससे पता चला कि उसने काफी शराब पी रखी है. इसके बाद वह अडयार नदी की ओर भाग पड़ा. उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी.

पुलिस वाले तत्काल राहत एवं बचाव के लिए दौड़े. तत्काल गोताखोरों और अन्य कर्मचारियों को बुलाया गया. रविवार को नौका सवार गोताखोरों ने भी काफी तलाश की. स्थानीय मछुआरों की भी मदद ली गई. लेकिन राधाकृष्णन का कुछ पता नहीं चल पाया.

बहरहाल पुलिस ने उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और अब भी तलाश जारी है.इस मामले को जिसने भी सुना वह दंग रह गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 06, 2018 12:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).