Change of Guard Ceremony Cancelled: राष्ट्रपति भवन में शनिवार को नहीं होगी 'चेंज ऑफ गार्ड' सेरेमनी, जानें क्या है वजह

समारोह की शुरुआत जयपुर कॉलम के पीछे से राष्ट्रपति बॉडीगार्ड की टुकड़ी के मार्च के साथ होती है, जिसमें सेना का ब्रास बैंड भी अपनी धुनों से समारोह की शोभा बढ़ाता है. इसके बाद परेड कमांडर के नेतृत्व में नई गार्ड टुकड़ी मार्च करती है, निरीक्षण के बाद पुरानी गार्ड के साथ राष्ट्रीय सलामी देती है और फिर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल लेती है.

Change of Guard Ceremony at Rashtrapati Bhavan Cancelled: नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में हर शनिवार आयोजित होने वाली 'चेंज ऑफ गार्ड' (Change of Guard Ceremony) इस सप्ताह आयोजित नहीं की जाएगी. राष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के औपचारिक स्वागत की फुल रिहर्सल के कारण शनिवार को यह समारोह रद्द कर दिया गया है.

इस वजह से रद्द हुई सेरेमनी

राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के औपचारिक स्वागत समारोह की तैयारियों के चलते शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में आम लोगों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा. इसी कारण नियमित रूप से होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी.

हर शनिवार होता है आयोजन

राष्ट्रपति भवन में आमतौर पर हर शनिवार सुबह लगभग 30 मिनट की चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी आयोजित की जाती है. हालांकि, यदि शनिवार को राजपत्रित अवकाश (Gazetted Holiday) हो या राष्ट्रपति भवन की ओर से विशेष सूचना जारी की जाए, तो यह समारोह आयोजित नहीं किया जाता.

क्या होती है चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी?

चेंज ऑफ गार्ड एक पारंपरिक सैन्य परंपरा है, जिसमें महलों, किलों और रक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात सैनिकों की औपचारिक अदला-बदली की जाती है, ताकि नई टुकड़ी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल सके. राष्ट्रपति भवन में यह जिम्मेदारी सेरेमोनियल आर्मी गार्ड बटालियन निभाती है, जो राष्ट्रपति की सुरक्षा और औपचारिक गार्ड ड्यूटी के लिए तैनात रहती है.

समारोह को बनाया गया है अधिक आकर्षक

राष्ट्रपति भवन के अनुसार, इस समारोह को पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और आम लोगों के अनुकूल बनाया गया है. इसमें अब राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड (President's Bodyguard - PBG) द्वारा पारंपरिक वर्दी में घुड़सवारी का विशेष प्रदर्शन भी शामिल किया गया है.

समारोह की शुरुआत जयपुर कॉलम के पीछे से राष्ट्रपति बॉडीगार्ड की टुकड़ी के मार्च के साथ होती है, जिसमें सेना का ब्रास बैंड भी अपनी धुनों से समारोह की शोभा बढ़ाता है. इसके बाद परेड कमांडर के नेतृत्व में नई गार्ड टुकड़ी मार्च करती है, निरीक्षण के बाद पुरानी गार्ड के साथ राष्ट्रीय सलामी देती है और फिर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल लेती है.

राष्ट्रगान के साथ होता है समापन

समारोह का समापन राष्ट्रपति बॉडीगार्ड की घुड़सवारी प्रस्तुति और राष्ट्रीय गान के साथ होता है. यह आयोजन पर्यटकों और आम नागरिकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है.

 

Share Now