नोएडा: GIP मॉल के बर्गर किंग स्टोर के सेल्स मैनेजर ने ग्राहकों को लगाया 50 लाख का चूना, पेमेंट करते वक्त CCTV कैमरे में देख लेता था पासवर्ड
जांच के दौरान पता चला है कि अब तक करीब 500 से ज्यादा लोगों के कार्ड क्लोन कर लगभग 50 लाख रुपये खातों से निकाले जा चुके हैं.
नोएडा (Noida) के जीआईपी मॉल (GIP Mall) के बर्गर किंग (Burger King) स्टोर में पेमेंट के दौरान ग्राहकों के एटीएम कार्ड क्लोन कर लेने के मामला सामने आने के बाद सभी हैरान हैं. दरअसल, बर्गर किंग स्टोर में बतौर सेल्स मैनेजर काम करने वाले शख्स को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया. आरोपी का नाम सुमित है और उसके पास से एटीएम व क्रेडिट कार्ड का क्लोन बनाने वाली स्किमर डिवाइस बरामद की गई है. यह डिवाइस उसे राहुल नाम के एक युवक ने दी थी. पूछताछ के दौरान सुमित ने बताया था कि वह दिसंबर 2018 से लेकर अब तक रोजाना 50- 60 लोगों के एटीएम कार्ड क्लोन कर डेटा चुरा लेता था. इसके बाद वह 10-15 हजार रुपये लेकर राहुल को वह डेटा बेच देता था.
रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल ने करीब तीन महीने पहले बर्गर खरीदने के दौरान सुमित से दोस्ती की थी. उसी दौरान राहुल ने सैलरी के अलावा एक्स्ट्रा पैसे कमाने का लालच दिया था. उसके झांसे में आकर सुमित उसका एजेंट बन गया. जांच के दौरान पता चला है कि अब तक करीब 500 से ज्यादा लोगों के कार्ड क्लोन कर लगभग 50 लाख रुपये खातों से निकाले जा चुके हैं. यह भी पढ़ें- दिल्ली: 30 करोड़ की ठगी के मामले में पकड़े गए पति-पत्नी, प्राइवेट निवेशकों और बैंकों को भी लगाया था चूना
इस तरह करता था क्लोनिंग
पुलिस के मुताबिक, स्टोर में जाने वाले लोगों के कार्ड पेमेंट के दौरान वह चुपके से नीचे रखे स्किमर डिवाइस में डालकर डेटा सेवा कर लेता था. इसके बाद जब लोग पेमेंट मशीन में कार्ड डालकर पासवर्ड डाल रहे होते तो वह स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उन पासवर्ड को देख लेता था.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2019 11:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

