Bird Flu in Ranchi: रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पूरे राज्य में अलर्ट, 10 किमी का इलाका सर्विलांस जोन घोषित
रांची के बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित वेटनरी कॉलेज के पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू से चाइनीज नस्ल वाली गिनी फाउल पक्षियों की मौत के बाद पशुपालन निदेशालय ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है.
रांची, 9 फरवरी : रांची के बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित वेटनरी कॉलेज के पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू से चाइनीज नस्ल वाली गिनी फाउल पक्षियों की मौत के बाद पशुपालन निदेशालय ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है. इस पोल्ट्री फॉर्म के दस किलोमीटर दायरे के इलाके को सर्विलांस क्षेत्र घोषित किया गया है, जबकि एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गों और अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
पूरे राज्य में असाधारण रूप से पक्षियों की मौत होने पर इसकी सूचना राज्य मुख्यालय को तुरंत देने का निर्देश दिया गया है. वेटनरी कॉलेज के जिस पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है, वहां काम करने वाली दो महिलाओं को एहतियाती तौर पर आइसोलेशन में रखा गया है. इन दोनों के भी सैंपल कलेक्ट किए गए हैं. फॉर्म में जिन बर्तनों में पक्षियों का खाना दिया जाता था और जिन प्लेटफॉर्म पर पक्षी बैठते थे, उन्हें जला दिया गया है. यह भी पढ़ें : Sanjay Raut on Congress and AAP: दिल्ली चुनाव में हार से सबक ले कांग्रेस और ‘आप’, मिलकर लड़ते तो नतीजा कुछ और होता
पशुपालन निदेशक किरण पासी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को वेटनरी कॉलेज प्रक्षेत्र में बची हुई मुर्गियों को मारने और निष्पादित करने का निर्देश दिया है. इस फॉर्म में कुछ दिन पहले गिनी फाउल प्रजाति की 150 मुर्गियां मर गई थीं. इनके सैंपल भोपाल में राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में जांच के लिए भेजे गए थे. 7 फरवरी को आई जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई. इसके बाद पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
रविवार को विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने प्रभावित फार्म का दौरा किया और बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिए किए गए उपायों की जानकारी ली. इधर, राज्य भर में एक हजार से ज्यादा पक्षियों के सैंपल कलेक्ट किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित उच्चस्तरीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. दूसरे राज्यों से आने वाले पोल्ट्री प्रोडक्ट और प्रवासी पक्षियों पर निगरानी के लिए सभी जिलों के पशुपालन पदाधिकारियों को अलर्ट किया गया है. साहिबगंज के उधवा स्थित पक्षी अभयारण्य में भी प्रवासी पक्षियों के स्वाब और स्टूल के सैंपल लिए गए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 09, 2025 02:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

