Bihar: कार्तिक पूर्णिमा में स्नान के दौरान डूबने से 5 लड़कियों सहित 7 की मौत
बिहार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी पटना समेत विभिन्न क्षेत्रों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा, गंडक सहित विभिन्न नदियों में डुबकी लगाई. इस दौरान राज्य के करीब सभी नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई.
पटना, 20 नवंबर : बिहार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी पटना समेत विभिन्न क्षेत्रों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा, गंडक सहित विभिन्न नदियों में डुबकी लगाई. इस दौरान राज्य के करीब सभी नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई. इस बीच, राज्य के विभिन्न जिलों में स्नान करने के दौरान नदी में डूबने से सात लोगों की मौत हो गई, जिसमें पांच लड़कियां बताई जा रही हैं. रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में कुदरा नदी में शुक्रवार को स्नान करने गई तीन लड़कियों की डूबने से मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर सबराबाद गांव की लडकियां नदी में स्नान करने गई थी. इसी दौरान एक लड़की गहरे पानी में उतर गई और डूबने लगी.
उसे बचाने के क्रम में अन्य दो लड़कियां भी गहरे पानी में उतर गईं, जिससे तीनों की मौत हो गई. सासाराम के पुलिस उपाधीक्षक बी के रावत ने बताया कि तीनों लड़कियों का शव बरामद कर लिया गया है, जिनकी पहचान लालसा कुमारी, मनीषा कुमारी और नीतू कुमारी के रूप में की गई है. इधर, सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में आमी घाट पर गंगा नदी में स्नान कर रही तीन लड़कियां डूब गई. दिघवारा के थाना प्रभारी शोएब आलम ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दो शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक लापता लड़की की तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सकरा छपरा गांव की रहने वाली नेहा कुमारी और अंजली कुमारी के रूप में की गई है. यह भी पढ़ें : आगरा: 100 फुट गहरे कुएं में गिरने से एक बच्ची की मौत, एक घायल
बेगूसराय जिले के नावाकोठी थना क्षेत्र में शुक्रवार को गंडक नदी में स्नान करने के दौरान तीन युवक डूब गए. स्थानीय लोगों की मदद से अब तक दो शवों को बरामद कर लिया गया है जबकि डूबे तीसरे युवक की तलाश जारी है. पुलिस के मुताबिक, नावकोठी गांव निवासी कुलदीप राम, विक्की यादव और राहुल कुमार गंडक नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में उतर गए और डूब गए. स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल तलाशी प्रारंभ की. घटना के करीब 1 घंटे के बाद विक्की कुमार और राहुल कुमार का शव बरामद कर लिया गया, जबकि कुलदीप की तलाश अभी जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2021 08:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

