25 जून की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.वेनेजुएला: भूकंप के कारण इमारतें गिरीं, कई मौतों की आशंका
ईरान के साथ समझौते के लिए खाड़ी देशों का समर्थन पाने बहरीन पहुंचे रूबियो
गौतम अदाणी के वकीलों ने अमेरिकी अदालत से की मुकदमा रद्द करने की अपील
गौतम अदाणी के वकीलों ने अमेरिकी अदालत से की मुकदमा रद्द करने की अपील
भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी के वकीलों ने बुधवार, 24 जून को एक अमेरिकी अदालत से अदाणी के खिलाफ लगाए गए आपराधिक आरोपों को औपचारिक रूप से खारिज करने की अपील की. अदाणी के वकील रॉबर्ट जिउफ्रा ने ब्रुकलिन स्थित जिला अदालत के जज को पत्र लिखा. उन्होंने पत्र में कहा कि अदाणी के खिलाफ मामला रद्द कर दिया जाना चाहिए क्योंकि यह अमेरिकी कानून के दायरे से बाहर है और अभियोजक भारत में रिश्वत से जुड़े आरोपों को साबित नहीं कर पाएंगे.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, गौतम अदाणी पर आरोप था कि उन्होंने एक सोलर परियोजना हासिल करने के लिए भारत के सरकारी अधिकारियों को 26.5 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने पर सहमति जताई. साथ ही, अमेरिकी निवेशकों को इस बारे में जानकारी न देकर गुमराह किया. अदाणी समूह ने लगातार इन आरोपों से इनकार किया है. पिछले महीने अमेरिका के न्याय विभाग ने अदाणी और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की थी.
अदाणी के वकील रॉबर्ट जिउफ्रा ने पत्र में यह भी लिखा कि अमेरिकी नियामक और अदाणी समूह एक समझौते पर पहुंच चुके हैं. इसके तहत, गौतम अदाणी को 60 लाख डॉलर और उनके भतीजे सागर अदाणी को 1.2 करोड़ डॉलर देने होंगे. अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान के साथ व्यापार पर लगे प्रतिबंधों के कथित उल्लंघनों के मामले में भी अदाणी समूह से समझौता कर लिया था. इसके लिए अदाणी समूह 27.5 करोड़ डॉलर देने पर सहमत हो गया था.
ईरान के साथ समझौते के लिए खाड़ी देशों का समर्थन पाने बहरीन पहुंचे रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो गुरुवार, 25 जून को बहरीन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. रूबियो के इस दौरे का उद्देश्य खाड़ी देशों को अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर राजी करना है. इस शांति समझौते को लेकर खाड़ी के सहयोगी देश संदेह की स्थिति में हैं.
रूबियो ने कहा है कि खाड़ी देशों के नेताओं के सामने इस शांति समझौते का प्रस्ताव रखना एक बेहद संवेदनशील मिशन है. इन देशों को डर है कि ईरान को बहुत अधिक रियायतें देने से वह मजबूत होगा, जिससे इस क्षेत्र का सुरक्षा संतुलन और तेल का प्रवाह प्रभावित हो सकता है.
इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कुवैत के अपने दौरों पर भी रूबियो ने वहां के अधिकारियों को भरोसा दिलाने की कोशिश की थी कि प्रस्तावित समझौता ईरान के पक्ष में ज्यादा झुका हुआ नहीं है.
अमेरिका-इस्राएल युद्ध के दौरान ईरान ने कई खाड़ी देशों पर हवाई हमले किए थे. खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के सभी छह देश अमेरिका के रणनीतिक सहयोगी हैं, जिन्होंने युद्ध के दौरान अमेरिका को सहायता दी थी.
वेनेजुएला में भूकंप के कारण इमारतें गिरीं, 30 से अधिक लोगों की मौत हुई
वेनेजुएला में गुरुवार, 25 जून को दो बड़े भूकंप आए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, देश की राजधानी काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप आया. उसके एक मिनट से भी कम समय के भीतर 7.5 तीव्रता का दूसरा बड़ा झटका महसूस किया गया.
भूकंप के कारण कई इमारतों के गिरने की खबरें हैं. वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार सुबह कहा कि भूकंपकी वजह से कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है और करीब 700 लोग घायल हुए हैं. वहीं, यूएसजीएस का अनुमान है कि इस आपदा में मरने वालों का आंकड़ा कहीं अधिक हो सकता है.
यह भी पढ़ें - भूकंप के बाद मलबे में कोई कितनी देर तक जिंदा रह सकता है
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस आपदा पर दुख जताते हुए कहा है कि मलबे में दबने से मरने वालों की संख्या 'विनाशकारी' हो सकती है. ट्रंप ने वेनेजुएला को हर संभव मदद की पेशकश की है. वेनेजुएला सरकार ने आपदा को देखते हुए आपातकाल की स्थिति की घोषणा कर दी है.