Batala Snatching: पंजाब के बटाला में बाइक सवार झपटमारों का आतंक, इंडस्ट्री मालिक की पत्नी का पर्स छीनकर फरार; VIDEO

पंजाब के बटाला की बैंक कॉलोनी में बाइक सवार झपटमारों ने स्कूटी सवार उद्योगपति और उनकी पत्नी को निशाना बनाया. पर्स छीनने के दौरान दंपति गिरकर घायल हो गए, जबकि राहगीरों को दरांती दिखाकर आरोपी फरार हो गए.

Representative Image (Photo Credits: X/@ians_india)

Batala Snatching:  पंजाब के बटाला में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं. शहर की बैंक कॉलोनी इलाके में बाइक सवार दो अज्ञात झपटमारों ने स्कूटी से घर लौट रहे एक इंडस्ट्री मालिक और उनकी पत्नी को अपना शिकार बनाया. बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए इन बदमाशों ने चलती स्कूटी से महिला का पर्स छीन लिया, जिससे असंतुलित होकर पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

नकदी और जरूरी सामान से भरा था पर्स

पीड़ित उद्योगपति अजय ऋषि के अनुसार, छीने गए पर्स में नकदी और अन्य कीमती सामान मौजूद था. घटना के तुरंत बाद जब आसपास के कुछ राहगीरों ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, तो बेखौफ बदमाशों ने उन्हें हाथ में दरांती (हंसिया) दिखाकर डराया और आसानी से फरार हो गए. इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से कैद हो गई है.

 बटाला में बाइक सवार झपटमारों का आतंक

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है. पीड़ित दंपति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बाइक सवारों की पहचान करने और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है.

Share Now