Bareilly Hospital Fire Video: बरेली के नवोदया अस्पताल में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी के बीच 80 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित पांच मंजिला नवोदया अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर शनिवार सुबह अचानक आग लग गई. अस्पताल कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए लगभग 80 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला. हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

 Bareilly Hospital Fire Video: उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित पांच मंजिला नवोदया अस्पताल में शनिवार सुबह अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया. आग अस्पताल की चौथी (सबसे ऊपरी) मंजिल पर सुबह करीब 10:00 बजे ओपीडी के व्यस्त समय के दौरान लगी. देखते ही देखते इमारत में घना धुआं फैल गया. हालांकि, अस्पताल प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से भर्ती लगभग 80 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना में किसी भी मरीज या स्वास्थ्यकर्मी के हताहत होने की खबर नहीं है.

मरीजों और नवजात शिशुओं को तुरंत निकाला गया

आग का अलार्म बजते ही अस्पताल कर्मचारियों ने मरीजों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. गंभीर रूप से बीमार मरीजों को स्ट्रेचर पर और नवजात शिशुओं को परिजनों तथा कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.  यह भी पढ़े:  Amravati Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती में दुखद हादसा, जिला महिला अस्पताल के NICU में लगी भीषण आग, तीन नवजातों की मौत; VIDEO

जिस चौथी मंजिल पर आग लगी थी, वहां कोई मरीज भर्ती नहीं था. एहतियात के तौर पर एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीजों को पास के अन्य चिकित्सालयों (राज अस्पताल और प्रताप अस्पताल) में स्थानांतरित किया गया है.

नवोदया अस्पताल में लगी भीषण आग

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

इमारत के भीतर घना धुआं भर जाने के कारण दमकलकर्मियों को शुरुआती दौर में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. ऊपरी मंजिल पर फंसे 4 से 5 लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित नीचे लाया गया.

अग्निशमन विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. समय रहते उठाए गए कदमों के कारण एक बड़ा हादसा टल गया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में एमसीबी (MCB) बॉक्स में शॉर्ट सर्किट को आग की मुख्य वजह माना जा रहा है. अस्पताल के संचालक उमेश गंगवार के अनुसार, आग सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित एक विश्राम कक्ष में लगी, जहां सोफे और अन्य फर्नीचर रखे हुए थे. ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली और धुआं बढ़ गया.

प्रशासनिक जांच शुरू

घटना के बाद दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी अस्पताल की अग्नि सुरक्षा प्रणालियों, आपातकालीन निकास मार्गों और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की जांच कर रहे हैं.

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि स्थानांतरित किए गए सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और उनके इलाज पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Share Now