Assembly By-Elections Results 2026: बिहार के बांकीपुर, एमपी के दतिया और गुजरात के मांजलपुर सीटों पर वोटों की गिनती जारी, नतीजों को लेकर प्रशांत किशोर पर सबकी नजरें
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं. यहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक और पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पहली बार प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे हैं.
Assembly By-Elections Results 2026: बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती आज, 3 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से जारी है. 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद सभी केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती की जा रही है. यद्यपि इन नतीजों से संबंधित राज्यों की सरकारों के बहुमत पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन आगामी चुनावी समीकरणों को देखते हुए राजनीतिक दल इसे जनता के मूड के संकेत के रूप में देख रहे हैं.
बांकीपुर: प्रशांत किशोर के चुनावी डेब्यू पर देश की नजर
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं. यहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक और पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पहली बार प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे हैं. यह भी पढ़े: Bankipur Bypoll Results Update: बांकीपुर उपचुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी, प्रशांत किशोर समेत इन दिग्गजों की साख दांव पर
पटना के एएन कॉलेज मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच वोटों की गिनती चल रही है. बांकीपुर पारंपरिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रहा है. बीजेपी ने यहां से नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि आरजेडी की ओर से रेखा कुमारी चुनाव लड़ रही हैं. कुल 26 उम्मीदवारों वाले इस मुकाबले में प्रशांत किशोर के उतरने से त्रिकोणीय मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है.
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर मुकाबला
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी मतों की गिनती जारी है. 30 जुलाई को हुए मतदान में इस सीट पर 71.44 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी.
दतिया में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह के बीच है. यह चुनाव मध्य प्रदेश में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लिए भी पहली राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है.
गुजरात की मांजलपुर सीट पर भी गिनती जारी
गुजरात के वडोदरा स्थित मांजलपुर विधानसभा सीट के लिए मतगणना का काम सुचारू और पारदर्शी तरीके से चल रहा है. चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं.
हालांकि इस नतीजे से राज्य की बीजेपी सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं पड़ेगा, फिर भी स्थानीय राजनीति और मतदाताओं के रुख को समझने के लिहाज से इस परिणाम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
रुझानों और नतीजों की स्थिति
मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट की गिनती से हुई, जिसके बाद ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती शुरू की गई. दोपहर तक शुरुआती रुझान स्पष्ट होने और शाम तक अंतिम परिणाम घोषित होने की संभावना है. तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था.