अखिलेश यादव ने दी चुनौती, बोले- हम तैयार हैं 'वन नेशन वन इलेक्शन' के लिए
जनता, किसान और गरीबों के फैसले ने समाजिकता, एकता और भाईचारे का संदेश दिया है. किसान जो मौजूदा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान है, उसने संगठित होकर भाजपा को जवाब दिया है.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि सपा वन नेशन, वन इलेक्शन (लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराना) के लिए पूरी तरह से तैयार है. अखिलेश ने भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि इस पार्टी ने लोगों के सपनों को तोड़ा है इसलिए अब जनता ने इनको जवाब देना शुरू कर दिया है.
अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, हम वन नेशन वन इलेक्शन के लिए तैयार हैं. 2019 में ही उत्तर प्रदेश का चुनाव भी करवा लो. उन्होंने कहा, कैराना और नूरपुर उपचुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण थे. इसमें जनता, किसान और गरीबों के फैसले ने समाजिकता, एकता और भाईचारे का संदेश दिया है. किसान जो मौजूदा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान है, उसने संगठित होकर भाजपा को जवाब दिया है.
कैराना की नवनिर्वाचित सांसद तबस्सुम हसन और नूरपुर के विधायक नईमुल हसन को बधाई देने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपचुनाव में जनता ने 2019 के लिए बड़ा संदेश दिया है. यह जनता के विश्वास की जीत है. अब सत्ता में बैठे लोगों को सोचना है कि किसान और गरीबों का जीवन कितना बेहतर हुआ है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2018 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

