Ajit Pawar Birth Anniversary: PM Modi ने अजित पवार की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा- महाराष्ट्र के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा
इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दिवंगत नेता की पत्नी व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित राज्य के प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने भी उन्हें याद कर अपने विचार साझा किए.
Ajit Pawar Birth Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता दिवंगत अजित पवार की जयंती (22 जुलाई) पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक सेवा और महाराष्ट्र के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज का हर वर्ग उनका आदर करता था.
इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दिवंगत नेता की पत्नी व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित राज्य के प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने भी उन्हें याद कर अपने विचार साझा किए. यह भी पढ़े: Dr. Abdul Kalam Azad Birth Anniversary: एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर ही क्यों मनाते हैं ‘विश्व छात्र दिवस’? जानें उनके जीवन के कुछ दिलचस्प किस्से
पीएम मोदी बोले- "उनके दृष्टिकोण को पूरा कर रही है एनडीए सरकार"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "श्री अजित पवार जी को उनकी जयंती पर स्मरण कर रहा हूँ. समाज की सेवा और महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय था. समाज के सभी वर्गों में उनका व्यापक आदर था. राज्य में एनडीए (NDA) सरकार उनके दृष्टिकोण को साकार करने के लिए अथक प्रयास कर रही है."
PM मोदी का पोस्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अजित दादा को एक दूरदर्शी और समावेशी नेता बताया. उन्होंने लिखा कि अजित पवार के जन-केंद्रित नेतृत्व ने राज्य के विकास पर एक अमिट छाप छोड़ी है.
पत्नी सुनेत्रा पवार का भावुक संदेश
अजित पवार की जयंती के अवसर पर उनकी पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एक अत्यंत भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि अपने जीवनसाथी की अनुपस्थिति को स्वीकार करना उनके लिए आज भी कठिन है.
सुनेत्रा पवार ने कहा, "वर्षों से हम इस दिन को हर्षोल्लास के साथ मनाते थे, लेकिन आज का दिन अपार दुःख लेकर आया है. दादा मेरे जीवन में शक्ति और संबल का सबसे बड़ा स्रोत थे. भले ही वे आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, कार्यशैली का अनुशासन और जनसेवा का संकल्प मुझे हमेशा प्रेरित करता रहेगा."
बारामती स्मारक पर अर्पित किए श्रद्धापुष्प
जयंती की पूर्व संध्या पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके पुत्र, एनसीपी सांसद जय पवार ने बारामती स्थित अजित पवार के स्मारक पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. बारामती में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने प्रिय नेता को नमन किया.
महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय तक प्रभाव रखने वाले वरिष्ठ नेता अजित पवार का इस वर्ष के प्रारंभ में बारामती के निकट एक विमान हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था. उनके निधन के बाद से राज्यभर में उनके द्वारा शुरू की गई विकास योजनाओं और उनकी प्रशासनिक क्षमता को याद किया जा रहा है.