Ahmedabad Airport Incident: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया. एयर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के बाद गलती से गलत टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां उसका सामना उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो के विमान से हो गया. दोनों विमान करीब 200 मीटर की दूरी पर समय रहते रुक गए, जिससे किसी भी तरह की टक्कर टल गई. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. Air India Viral Video: फ्लाइट में फैला कचरा देख भड़की एयर होस्टेस, यात्रियों को सुनाई खरी-खोटी; वीडियो वायरल
यह घटना उस समय हुई जब मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 5160 रनवे की ओर टैक्सी कर रही थी. उसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2493 लैंडिंग के बाद निर्धारित मार्ग से भटक गई और गलती से उसी सक्रिय टैक्सीवे पर पहुंच गई, जहां इंडिगो का विमान मौजूद था.
एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में स्वीकार किया कि लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय विमान ने अनजाने में गलत मोड़ ले लिया था. एयरलाइन ने कहा कि इस घटना के दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हुआ. बाद में विमान को बंद कर निर्धारित पार्किंग बे तक टो करके ले जाया गया.
इंडिगो ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टैक्सीवे पर रुकावट के कारण उसकी उड़ान में कुछ समय की देरी हुई. एयरलाइन के अनुसार, दोनों विमानों के पायलटों ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित दूरी पर विमान रोक दिए. इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट ने सुरक्षित रूप से उड़ान भरी और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंच गई.
घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और अन्य संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है. अधिकारी अब यह जांच कर रहे हैं कि एयर इंडिया का विमान गलत टैक्सीवे पर कैसे पहुंचा.
गौरतलब है कि इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और इंडिगो के दो एयरबस A320 विमानों के विंगटिप टैक्सींग के दौरान आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद दोनों विमानों को सुरक्षा जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया था.












QuickLY