Aban Ahmed Car Accident: माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की कार का इस तरह हुआ एक्सीडेंट, VIDEO आया सामने
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद के दर्दनाक कार हादसे का वीडियो घटना के छह दिन बाद सामने आ गया है. कार के पीछे चल रही गाड़ी के डैशकैम में कैद फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि पिकअप को ओवरटेक करते समय गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी.
Aban Ahmed Car Accident Video: पूर्व सांसद और माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की दर्दनाक सड़क हादसे में हुई मौत का वीडियो घटना के छह दिन बाद सामने आया है. सामने आए वीडियो फुटेज से साफ हो गया है कि यह हादसा किसी जानवर को बचाने के चक्कर में नहीं, बल्कि तेज रफ्तार कार के ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ था.
यह घटना 6 अगस्त को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के चिल्ली गांव के पास हुई थी. यह पूरा वाकया आबान की क्रेटा कार के ठीक पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी के डैशकैम (Dashcam) में रिकॉर्ड हो गया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह भी पढ़े: Atiq Ahmed History: अतीक अहमद का उत्थान और पतन की कहानी बॉलीवुड थ्रिलर की तरह, जानें कैसे ट्रेनों से कोयला चुराने वाला अपराधी बना
ऐसे हुआ एक्सीडेंट
डैशकैम वीडियो से सामने आई हादसे की असलियत
हादसे के बाद शुरुआती कयास लगाए जा रहे थे कि सड़क पर अचानक आए किसी मवेशी या जानवर को बचाने के प्रयास में कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. हालांकि, बुधवार को सामने आए वीडियो ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की क्रेटा कार काफी तेज गति से जा रही थी. जैसे ही चालक ने आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी को ओवरटेक किया, कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि
झांसी मेडिकल कॉलेज में आबान अहमद के शव का पोस्टमार्टम करने वाले वरिष्ठ डॉक्टर रजनीश यादव के अनुसार, आबान की मौत कार दुर्घटना में लगी अत्यधिक गंभीर चोटों के कारण हुई थी.
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि हादसे के वक्त सिर में तेज प्रभाव पड़ने से आबान को गंभीर ब्रेन हेमरेज हुआ था. इसके अलावा दुर्घटना के प्रभाव से उनके दिल और आंतों को भी भारी क्षति पहुंची थी, जिसके चलते मौके पर ही उनकी जान चली गई.
झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था आबान
21 वर्षीय आबान अहमद अपने चार दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी स्थित जिला कारागार जा रहा था. वह वहां बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने के लिए निकला था.
इस दुखद हादसे में आबान के अलावा उनके एक मित्र सोनू की भी मौत हो गई थी, जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है.