देश

दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक चलने वाली 72 बसें जब्त

दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक सवारी लेकर जाने-आने वाली निजी बसों के खिलाफ बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने एक संयुक्त अभियान चलाया और 72 बसों को जब्त किया. उन्होंने इससे पूर्व भी अवैध रूप से संचालित 50 बसों को जिला प्रशासन ने जब्त किया था.

दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक चलने वाली 72 बसें जब्त
बस (Photo Credits : File Photo)

नोएडा : दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक सवारी लेकर जाने-आने वाली निजी बसों के खिलाफ बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने एक संयुक्त अभियान चलाया और 72 बसों को जब्त किया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मीडिया प्रभारी प्रभात दीक्षित ने बताया कि दिल्ली से पूर्वांचल और बिहार के लिए सवारी भरकर चलने वाली निजी बसों के खिलाफ आज जिला प्रशासन, परिवहन विभाग तथा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाया.

इसके तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेस वे पर औचक जांच की गई. उन्होंने बताया कि इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने पर 72 बसों को जब्त किया गया. मीडिया प्रभारी ने बताया कि ये बसें अवैध रूप से संचालित की जा रही थी. बसों का प्राइवेट पार्टी ढोने का नेशनल परमिट है, लेकिन बस मालिक इसका इस्तेमाल यात्री ढोने के लिए कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी अवैध रूप से संचालित 50 बसों को जिला प्रशासन ने जब्त किया था.

यह भी पढ़ें : दिल्ली : राजधानी में दो नाबालिग लड़कों ने 5 साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

गौरतलब है कि कल नोएडा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से चलने वाले 1174 ऑटो रिक्शा जब्त किये थे. परमिट के नियमों का उल्लंघन करके चलाई जा रही निजी बसों को जब्त करने से आक्रोशित ऑल इंडिया लग्जरी बस यूनियन के अध्यक्ष श्यामलाल गोला के नेतृत्व में बस मालिकों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन तथा नारेबाजी की.

यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि उनके पास ऑल इंडिया के परमिट सहित सभी कागजात हैं. इसके बावजूद भी जिला प्रशासन मनमाने तरीके से कार्रवाई कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आज सुबह कार्रवाई के दौरान बस के चालकों और अन्य कर्मचारियों के साथ पुलिस ने मारपीट की तथा बसों के टायर पंचर कर दिए.

उन्होंने आरोप लगाया कि बसों में सवार महिलाएं, बच्चे, बूढ़ों को जिला प्रशासन के कर्मियों ने जबरन बस से सड़क पर उतार दिया. जिला प्रशासन के इस अभियान के चलते बसों में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. वहीं कल जिला प्रशासन द्वारा 1174 ऑटो रिक्शा को जब्त किए जाने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के नेताओं ने जेवर थाने पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2019 03:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).