दिल्ली में कोरोना वायरस से 5 और मरीजों की मौत, अब तक 6,923 लोग पाए गए COVID-19 पॉजिटिव
दिल्ली में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोनावायरस से पांच और लोगों की मौत हो गई. इस घातक वायरस के कारण मरने वाले सभी पांचों व्यक्ति दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती थे. इसके साथ ही दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से मरने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 73 हो गई है. वहीं दिल्ली में अब कुल 84 कोरोना कंटेनमेंट जोन है.
दिल्ली में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोनावायरस (Coronavirus) से पांच और लोगों की मौत हो गई. इस घातक वायरस के कारण मरने वाले सभी पांचों व्यक्ति दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती थे. इसके साथ ही दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से मरने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 73 हो गई है. दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 381 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 6923 हो गए हैं.
दिल्ली सरकार ने कोरोना के विषय में लिखित जानकारी साझा करते हुए कहा, "कोरोना से मरने वालों में ज्यादातर लोग 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के व्यक्ति हैं. दिल्ली में ऐसे कुल 1017 व्यक्तियों को कोरोना वायरस हुआ है जिनमें से अब तक 36 की मृत्यु हो चुकी है. वहीं 50 से 60 वर्ष की उम्र के 1073 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं इनमें से 24 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है. वहीं सबसे अधिक कोरोना रोगी 50 वर्ष या उससे कम उम्र के व्यक्ति हैं. 50 वर्ष से कम उम्र के 4833 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें से 13 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है."
यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार ने जिलाधिकारियों से तबलीगी जमात के 2,446 सदस्यों को छोड़ने का आदेश दिया
दिल्ली में कोरोना के 2069 रोगी अभी तक ठीक भी हो चुके हैं. शहर में वर्तमान में कोरोना के कुल 4781 सक्रिय रोगी हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, "कोरोना है और अभी बहुत समय तक रहने वाला है. ऐसा नहीं है कि कोरोना एक-दो महीने में खत्म हो जाएगा. कोरोना को रोकने के लिए दिल्ली सरकार की तरफ से काफी कुछ किया गया है. पहले किसी को यह अंदाजा नहीं था कि कोरोनावायरस किस तरह का व्यवहार करता है और यह कैसे काम करता है. हमारे देश में और अन्य देशों में काफी फर्क तो है. हमारे देश में कोरोना का खतरा अमेरिका के मुकाबले कम लगता है."
दिल्ली में कोरोना के मामलों के दोगुना होने की रफ्तार अभी 11 दिन है. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा "अमेरिका में काफी लोग गंभीर रूप से बीमार हैं." दिल्ली में 4781 एक्टिव मरीजों में से 91 लोग आईसीयू में हैं, जबकि उसमें से 27 लोग वेंटिलेटर पर हैं. दिल्ली सरकार के मुताबिक बाकी देशों में बहुत बड़ी संख्या में मरीज वेंटिलेटर पर और आईसीयू में हैं.
दिल्ली में बढ़ रहे मरीजों की तादाद पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों की संख्या को आधार नहीं बनाना चाहिए बल्कि मरीजों की वृद्धि दर क्या है, ये ज्यादा मायने रखता है. गौरतलब है कि दिल्ली में प्रति 10 लाख की आबादी पर करीब 2300 टेस्ट हो रहे हैं. दिल्ली सरकार उन सभी इलाकों को हॉटस्पॉट मानकर सील कर रही है जहां कोरोना के 3 से अधिक मामले एक साथ पाए गए हैं.
वहीं दिल्ली में अब कुल 84 कोरोना कंटेनमेंट जोन है. इन इलाकों को दिल्ली सरकार ने दिल्ली पुलिस की मदद से पूरी तरह सील कर दिया है. किसी भी कोरोना कंटेनमेंट जोन या कोरोना हॉटस्पॉट में बाहर का कोई व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकता. इसी तरह इन कंटेनमेंट जोन में रह रहे लोग भी इस इलाके से बाहर नहीं आ सकते. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि कोरोना का संक्रमण इन क्षेत्रों से निकलकर अन्य इलाकों में न फैल सके.
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

