26/11 मुंबई हमले के गुनहगार डेविड हेडली पर शिकागो की जेल में हमला, हालत गंभीर
अमेरिकी नागरिक हेडली पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ काम करता था और 26/11 मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल रहा है. साथ ही लश्कर-ए-तैयबा के अंडरकवर एजेंट के तौर पर काम करता था.
वाशिंगटन: 26/11 आतंकी हमलों के दोषी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली पर सोमवार को जानलेवा हमला हुआ. इसमें वह गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. उसे शिकागो के नॉर्थ एवेस्टन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह मौत से जूझ रहा है. बता दें कि हेडली मुंबई हमलों के आरोप में अमेरिका में 35 साल की सजा काट रहा है.
अमेरिकी नागरिक हेडली पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ काम करता था और 26/11 मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल रहा है. साथ ही लश्कर-ए-तैयबा के अंडरकवर एजेंट के तौर पर काम करता था. हेडली ने मुंबई हमले के लिए विस्तार से जानकारियां जुटाई तथा पाकिस्तान में लश्कर के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लिया.
बताया जा रहा है कि शिकागो की जेल में दो कैदियों ने 8 जुलाई को हेडली पर हमला किया. हमले में गंभीर रूप से घायल हेडली को शिकागो के नॉर्थ एवेस्टन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. साथ ही उसे सीसीयू में रखा गया है और 24 घंटे उस पर निगरानी रखी जा रही है. जिन लोगों ने हेडली पर हमला किया है, वे दोनों भाई हैं और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोप में अभी जेल में बंद हैं.
गौरतलब है कि 24 जनवरी 2013 को अमेरिका की संघीय अदालत ने दोषी करार दिया था. 2008 में जब मुंबई में लश्कर के आतंकियों ने 26/11 का हमला किया था उस वक्त पाक ने अपने फ्रॉग मैन कमांडो के जरिये लश्कर के 10 आतंकियों को ट्रेंड किया था. इस बात का खुलासा डेविड कोलमैन हेडली ने भी अपने कबूलनामे में किया था कि कैसे मुंबई में आतंकियों को भेजने के लिए पाक आर्मी ने लश्कर के 'फ्रॉग मैन' तैयार किए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2018 08:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

