उत्तर प्रदेश: गोपीगंज थाना क्षेत्र में 14 साल की किशोरी की हत्या, मामले की जांच जारी; दुष्कर्म का संदेह
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक और मामला सामने आया है. भदोही जिले में 14 वर्षीय दलित किशोरी की गुरुवार को हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, लड़की शौच के लिए खेत में गई थी और घर नहीं लौटी. लड़की गोपीगंज थाना क्षेत्र के चकराजाराम तिवारीपुर गांव की निवासी थी. परिवार ने किशोरी का यौन शोषण के बाद उसकी हत्या का संदेह व्यक्त किया है.
भदोही/उत्तर प्रदेश, 2 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक और मामला सामने आया है. भदोही जिले में 14 वर्षीय दलित किशोरी की गुरुवार को हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, लड़की शौच के लिए खेत में गई थी और घर नहीं लौटी. घर न लौटने पर जब लड़की का भाई उसकी तलाश में निकला तो उसे अपनी बहन का शव खेत में मिला. पुलिस ने कहा कि उसके सिर को ईंट से बुरी तरह कुचल दिया गया था. पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने कहा, "लड़की के सिर पर पत्थरों से प्रहार किया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है."
लड़की गोपीगंज थाना क्षेत्र के चकराजाराम तिवारीपुर गांव की निवासी थी. परिवार ने किशोरी का यौन शोषण के बाद उसकी हत्या का संदेह व्यक्त किया है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकती है. सबूत एकत्र करने और मामले की जांच करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों और क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की एक टीम भी गांव पहुंची है.
इस 14 वर्षीय लड़की की हत्या हाथरस की घटना के बाद सामने आई है. गौरतलब है कि हाथरस के एक गांव में 19 वर्षीय युवती का कथित रूप से दुष्कर्म किया गया था और उसका गला घोंट दिया गया था. पुलिस ने अब इस बात से इंकार किया है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया था, हालांकि पीड़िता ने एक वीडियो मैसेज में कहा था कि उसके साथ यौन शोषण किया गया था.
हाथरस पीड़िता की मौत के घंटों बाद मंगलवार को बलरामपुर जिले में एक 22 वर्षीय दलित छात्रा के साथ भी दुष्कर्म होने की घटना सामने आई. अस्पताल ले जाते समय युवति ने दम तोड़ दिया. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और आजमगढ़ जिलों में गुरुवार को दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी सामने आई.
रिपोर्ट के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर इलाके में एक 8 वर्षीय बच्ची का उसके 20 वर्षीय पड़ोसी द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किया गया था. पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने कहा, "हमें बुधवार को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की शिकायत मिली. तुरंत मामला दर्ज किया गया. आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह लड़की के घर के सामने रहता है और उसके घर नियमित रूप से आता जाता था."
वहीं बुलंदशहर में काकोरे क्षेत्र में एक किशोरी का उसके पड़ोसी द्वारा बुधवार रात को कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई. बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा, "किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया है."
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 02, 2020 09:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

